टाटा संस ने गुरुवार (12 मई) को कैंपबेल विल्सन को एयर इंडिया का एमडी एवं सीईओ नियुक्त किया है। टाटा संस ने सबसे ज्यादा बोली लगाकर एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। इससे पहले एयर इंडिया सरकारी कंपनी थी। फिर से एयर इंडिया अपनी पुरानी साख को हासिल करने की कोशिश कर रही है।
एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि मैं कैंपबेल का एयर इंडिया में स्वागत करता हूं। मैं इससे काफी खुश हूं। उन्होंने कहा, "कैंपबेल को एयरलाइंस इंडस्ट्री का व्यापक अनुभव है। उन्होंने दुनिया के कई हिस्सों में अपनी सेवाएं दी हैं। एयर इंडिया को उनके अनुभव का फायदा मिलेगा।"
विल्सन ने 1996 में न्यूजीलैंड में SIA के साथ बतौर मैनेजमेंट ट्रेनी अपना करियर शुरू किया था। उसके बाद उन्होंने कनाडा, हांगकांग और जापान में SIA में काम किया। फिर वह 2011 में सिंगापुर लौट आए। यहां वे स्कूट के फाउंडिंग सीईओ बने।
विल्सन 2016 तक स्कूट के प्रमुख रहे। उसके बाद उन्होंने SIA में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स) और मार्केटिंग के रूप में सेवाएं दी। यहां उन्होंने प्राइसिंग, डिस्ट्रिब्यूशन, ई-कॉमर्स, मर्चेंडाइजिंग, ब्रांड, ग्लोबल सेल्स और विदेश में कामकाज की जिम्मेदारियां भी संभाली। फिर वह अप्रैल 2020 में दूसरी बार स्कूट के सीईओ बने।
उनके पास न्यूजीलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ कैंटरबरी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर ऑफ कॉमर्स (फर्स्ट क्लास ऑनर्स) की डिग्री है।
एयर इंडिया का एमडी एवं सीईओ बनने पर विल्सन ने कहा, "प्रतिष्ठित एयर लाइंस कंपनी एयर इंडिया का नेतृत्व करने के लिए सेलेक्ट होना सम्मान की बात है। टाटा समूह का हिस्सा बनना भी गौरव की बात है। एयर इंडिया फिर से दुनिया की सबसे अच्छी एयर लाइंस में से एक बनने के रास्ते पर है। शानदार कस्टमर एक्सपीरियंस के साथ यह विश्व स्तरयी प्रोड्क्ट्स और सेवाएं ऑफर कर रही है। मैं एयर इंडिया का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं।"