यस बैंक (YES Bank) 1 अरब डॉलर की फंडिंग जुटाने के अंतिम चरण में है। यस बैंक यह फंडिंग प्राइवेट इक्विटी फर्म्स- कार्लाइल (Carlyle) और एडवेंट इंटरनेशनल (Advent International) से जुटा रहा है और फिलहाल इनके बीच अंतिम चरण की बातचीत चल रही है। हमारे सहयोगी न्यूज चैनल CNBC TV-18 ने यह रिपोर्ट दी है। इस फंडिंग के बदले ये दोनों प्राइवेट इक्विटी फर्म YES Bank में 10 फीसदी हिस्सेदारी लेने की तैयारी कर रही हैं।
यह भी माना जा रहा है कि इस निवेश के तहत कार्लाइल और एडवेंट, YES Bank के बोर्ड में भी एक-एक सीट चाहते हैं। यस बैंक ने इन नियुक्तियों की जगह बनाने के लिए अपने आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AoA) में बदलाव किया है।
YES Bank यह फंडिंग ऐसे समय में जुटा रहा है, जब हाल ही में उसने एक एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (ARC) बनाने की डील पूरी की है, जिसके तहत वह अपने बैड लोन को इस ARC को ट्रांसफर कर देगा। बैंक ने बताया कि प्रस्तावित एआरसी की बहुंसख्यक हिस्सेदारी खरीदने की बोली JC Flowers ARC ने जीती है। इस ARC में यस बैंक की 20 फीसदी हिस्सेदारी होगी और इसके लिए उसे आरबीआई से मंजूरी मिल गई है। यस बैंक करीब 48,000 रुपये का अपना बैड लोन इस ARC को ट्रांसफर करेगा।
YES Bank के रिवाइवल प्लान के लिए ARC डील का पूरा होना का एक बड़ा कदम होगा। हालांकि सिर्फ इतने से ही इसकी रिवाइवल को गति नहीं मिलेगी। यस बैंक के रिवाइवल के लिए इस समय दूसरा कदम सबसे जरूरी कदम है बैंक में निवेश का आना। दोनों बड़ी प्राइवेट इक्विटी फर्म, यस बैंक को यही जरूरी निवेश मुहैया करा रही हैं।
निवेश के लिए प्राइवेट इक्विटी फर्मों की दो प्रमुख शर्त थी। पहली शर्त यह थी कि यस बैंक अपने बही खाते में मौजूद बैड लोन की मात्रा को कोई ARC या बैड बैंक बनाकर कम करेगा। दूसरा शर्त यह था कि वह अपने बोर्ड में प्राइवेट इक्विटी फर्मों के प्रतिनिधियों की नियुक्ति के लिए प्रावधान बनाएगा।
इस बीच यस बैंक के शेयर सोमवार को NSE पर 0.75% की तेजी के साथ 13.40 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक महीने में यस बैंक के शेयरों में करीब 8.50% की तेजी आई है।