प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने वाले जिन विवादित पोस्टर को लेकर राजधानी दिल्ली में शनिवार को 25 लोगों को गिरफ्तारियां हुईं, उस पोस्टर को शेयर करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र पर निशाना साधा है। जिस पोस्टर को कुछ जगहों पर चिपकाए जाने पर 25 लोगों की गिरफ्तारी हुई, राहुल गांधी ने उसे सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए खुद को गिरफ्तार करने की खुली चुनौती दी है। ट्विटर पर #ArrestMeToo ट्रेंड कर रहा है।

राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्टर को शेयर करते हुए लिखा, मुझे भी गिरफ्तार करो। वहीं, प्रियंका गांधी ने भी इसी पोस्टर को अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया और लिखा, मोदी जी हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दी? इतना ही नहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के तमाम नेताओं ने अपने ट्विटर प्रोफाइल की तस्वीर बदलकर इसी पोस्टर को नई प्रोफाइल फोटो बना ली है।

दिल्ली में 25 लोग गिरफ्तार

दरअसल, दिल्ली पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित तौर पर आलोचना करने वाले पोस्टर चिपकाने के मामले में 25 FIR दर्ज की है और 25 लोगों को गिरफ्तार भी किया था। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ये पोस्टर शहर के कई हिस्सों में लगाए गए। शिकायतों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने IPC की धारा 188 के तहत विभिन्न जिलों में 25 FIR दर्ज कीं।

पुलिस के अनुसार फिलहाल यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि किसके कहने पर शहर के विभिन्न स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए और इसके मुताबिक ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीएम मोदी की आलोचना वाले ये पोस्टर दिल्ली के कई इलाकों जैसे शाहदरा, रोहिणी, रिठाला, द्वारका और कई अन्य जगहों पर पाए गए थे।

किन-किन इलाकों में हुई गिरफ्तारी?

वहीं, इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में एक 19 साल का लड़का है। इसके अलावा 30 साल का ऑटो ड्राइवर है और 61 साल का दिहाड़ी मजदूरी करने वाला शख्स भी इसमें शामिल है। मामले में तीन FIR उत्तरपूर्वी दिल्ली में दर्ज की गई और वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। तीन FIR पश्चिम दिल्ली में दर्ज की गईं और वहां से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि तीन FIR बाहरी दिल्ली में दर्ज की गईं और वहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।

राजधानी के उत्तर-पश्चिम इलाके में इस मामले में चार प्राथमिकी दर्ज की गई और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा शहर के मध्य हिस्से में दो FIR दर्ज की गईं और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। ऐसे ही दो FIR रोहिणी में दर्ज की गईं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक FIR पूर्वी दिल्ली में दर्ज की गई और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।