दिल्ली में कोरोनावायरस (Coronavirus) के नए मामलों में गिरावट आने के बीच राज्य सरकार ने लॉकडाउन (Lockdown) बढ़ाने का फैसला किया है। इस बात की जानकारी दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना पर नियंत्रण के लिए लागू लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए बढ़ाया जा रहा है। जो कि अगले सोमवार यानी 24 मई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लागू रहेगा। 

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के लगभग 6,500 मामले आए हैं। पॉजिटिविटी रेट 1% और कम होकर 10% के करीब आ गई है।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि देश की राष्ट्रीय राजधानी में स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने किसी भी तरह की नरमी के संकेत नहीं दिए और कहा कि पाबंदी को और बढ़ाने की जरूरत है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले दिल्ली सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने कहा था कि आवश्यक मेडिकर उपकरणों की कमी के चलते दिल्ली में 17 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया जाएगा।

बता दें कि राजधानी में सबसे पहले लॉकडाउन 19 अप्रैल को लागू किया गया था। फिर इसे बढ़ाकर 25 अप्रैल कर दिया गया और फिर इसे 1 मई तक बढ़ा दिया गया। फिलहाल दिल्ली में 17 मई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन था जिसे सीएम अरविंद केजरीवाल ने 24 मई की सुबह तक बढ़ा दिया है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लोकलसर्कल (LocalCircles) के  सर्वे के मुताबिक भी ज्यादातर दिल्ली वाले चाहते थे कि लॉकडाउन की अवधि और 2 हफ्ते के लिए बढ़ाया जाए। इसमें करीब 70 फीसदी दिल्ली वासी लॉकडाउन बढ़ाने के पक्ष में रहे।

पिछले हफ्ते जारी की गई गाइडलाइंस के मुताबिक, लॉकडाउन के दौरान मेट्रो पर रोक लगी हुई है। इसके अलावा सार्वजनिक स्‍थानों पर शादी समारोह के आयोजन पर भी रोक है। नियमों के अंतर्गत शादी का कार्यक्रम किसी भी होटल, बैंक्विट हॉल या अन्य सार्वजनिक स्थल पर नहीं किया जा सकता है।

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में COVID-19 के 6,430 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 11,592 लोग डिस्चार्ज हुए और 337 लोगों की मौत हुई।  सरकारी बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में संक्रमण के कुल मामले अब 13,87,411 हो गए हैं। 12,99,872 लोग अब तक डिस्चार्ज हो चुके हैं और मौत आंकड़ा 21,244 तक पहुंच गया है। राजधानी में कुल एक्टिव केस अब 66,295 हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।