Central Vista Project को लेकर गढ़ी जा रही है झूठी कहानी, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का विपक्ष पर वार

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सेंट्रल विस्टा (Central Vista) को लेकर Covid-19 के बहुत पहले फैसला ले लिया गया था

अपडेटेड May 31, 2021 पर 4:29 PM

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी (Hardeep Singh Puri) ने सोमवार को सरकार के सेंट्रल विस्टा (Central Vista Project) को लेकर विपक्ष की आलोचना पर पलटवार करते हुए कहा कि इस परियोजना को लेकर झूठी कहानी गढ़ी जा रही है। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप पुरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "मैं देख रहा हूं कि पिछले कुछ महीनों से एक झूठी कहानी गढ़ी जा रही है और अगर राजनीतिक वर्ग इन बातों के बारे में बात करता है, तो सावधान रहना चाहिए। दूसरों को भी सावधान रहने की जरूरत है।"

दरअसल ₹13,450 करोड़ के सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट को लगातार कई राजनीतिक दलों से आलोचना का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए केंद्र की आलोचना की, इसे "आपराधिक बर्बादी" करार दिया और इसके बचाए कोरोनावायरस (Coronavirus) महामारी के दौरान लोगों के जीवन पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा।

केंद्रीय मंत्री पूरी ने कहा, "सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट को लेकर एक गलत कहानी गढ़ी जा रही है। इस पर महामारी के बहुत पहले फैसला ले लिया गया था। संसद का नया भवन बनाना इसलिए जरूरी है क्योंकि पुराना भवन सेस्मिक ज़ोन 2 में आता था, अगर तेज भूंकप आए, तो अब ये भवन सेस्मिक ज़ोन 4 में है।"


हरदीप पुरी ने कहा, "आजादी के समय हमारी जनसंख्या 350 मिलियन के करीब थी। संसद भवन में हमें जगह की जरुरत होती है ताकि संसद सदस्य बैठ सकें। राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे तब से यह मांग की जा रही है। कुल खर्चा 1300 करोड़ रुपए के आसपास है।"

मंत्री ने कहा कि कहा जा रहा है 20,000 करोड़ रुपए महामारी के दौरान खर्च कर रहे हैं, ये वैक्सीनेशन कार्यक्रम में लगाईए। केंद्र ने वैक्सीनेशन के लिए 35,000 करोड़ आवंटित किया है। वैक्सीनेशन के लिए पैसे की कमी नहीं है, पर्याप्त पैसा है। वैक्सीन की उपलब्धता दूसरी बात है। 

प्रोजेक्ट की कीमत पर बोलते हुए पुरी ने कहा, "पहली बात तो 20,000 करोड़ रुपए का आंकड़ा कहां से आया? जिसके मन में जो आता है बोलता है। 51 मंत्रालयों के लिए ऑफिस, मेट्रो के साथ जोड़ना, नया संसद भवन, 9 ऑफिस के भवन, न्यू इंदिरा गांधी सेंटर फॉर परफार्मिंग आर्ट्स सब मिलाकर खर्चा शायद 13,000-15,000 करोड़ आएगा।"

हरदीप पुरी ने ये भी कहा कि जब 2012 में मीरा कुमार लोकसभा अध्यक्ष थीं तो उनके एक OSD थे, जिन्होंने आवास मंत्रालय के सचिव को एक पत्र लिखा था, जिसमें कहा गया था कि एक फैसला ले लिया गया है कि एक नई संसद भवन बननी चाहिए।


सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका को दिल्ली हाईकोर्ट ने की खारिज

इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने सोमवार को इस प्रोजेक्ट के काम को रोकने के लिए दायर एक याचिका को खारिज कर दिया। दिल्ली हाई कोर्ट ने सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य को जारी रखने की सोमवार को अनुमति देते हुए कहा कि ये एक अहम और आवश्यक राष्ट्रीय परियोजना है।

चीफ जस्टिस डी एन पटेल और जस्टिस ज्योति सिंह की पीठ ने कोरोना वारयस वैश्विक महामारी के दौरान प्रोजेक्ट रोके जाने का अनुरोध करने वाली याचिका खारिज करते हुए कहा कि याचिका किसी मकसद से प्रेरित थी और वास्तविक जनहित याचिका नहीं थी। अदालत ने याचिकाकर्ताओं पर एक लाख रुपए जुर्माना लगाया।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।