अडाणी ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक गौतम अडाणी (Gautam Adani) चीनी बिजनेसमैन झोंग शैनशैन (Zhong Shanshan) को पटखनी देते हुए एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaire Index) के मुताबिक, एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के पास है।
गौतम अडाणी ने चीनी अरबपति झोंग शैनशैन को जबरदस्त तरीके से मात दी है। पिछले कुछ महीनों में स्टॉक मार्केट में अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर में आई जबरदस्त उछाल से गौतम अडाणी की संपत्ति में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक अभी गौतम अडाणी की कुल संपत्ति 66.5 बिलियन डॉलर है, जबकि झोंग शैनशैन की कुल संपत्ति 63.6 बिलियन डॉलर है। जबकि, मुकेश अंबानी का कुल नेटवर्थ 76.5 बिलियन डॉलर है। वे दुनिया के 13वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जबकि गौतम अडाणी अब दुनिया के 14वें सबसे अमीर शख्स बन गए हैं।
चीन के झोंग शैनशैन 63.7 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ अब दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 17वें स्थान पर आ गए हैं। गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी के नेटवर्थ में अब केवल 10.4 अरब डॉलर का अंतर रह गया है। इस साल मुकेश अंबानी के नेटवर्थ में अब तक 175.5 मिलियन डॉलर की कमी आई है, जबकि गौतम अडाणी की संपत्ति इस साल 32.7 बिलियन डॉलर बढ़ी है।
झोंग के नेटवर्थ में इस साल 14.6 बिलियन डॉलर की कमी आई है। आपको बता दें कि 2021 की शुरुआत में झोंग शैनशैन दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति थे। इसके अलावा चीन के एक और बिजनेसमैन मा हुआतेंग भी 60.5 अरब डॉलर नेटवर्थ के साथ दुनिया में 21वें और एशिया में चौथे नंबर पर आ गए हैं।
इस वजह से बढ़ी गौतम अडाणी की संपत्ति
पिछले एक साल में अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर में आई जबरदस्त तेजी के कारण गौतम अडाणी की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है। अडाणी ग्रीन एनर्जी, अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी टोटल गैस और अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर में पिछले 6 महीने में कई गुना तेजी आई है।
पिछले 1 साल में अडाणी टोटल गैस के शेयर 1145% चढ़े हैं। जबकि अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 827% और अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर में 617% की उछाल आई है। इसके अलावा अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर भी 433% और अडाणी पावर के शेयर 189% उछले हैं। अडाणी ग्रीन एनर्जी ने बुधवार को SB एनर्जी में Softbank की 80% हिस्सेदारी के अधिग्रहण की घोषणा की।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
