ट्विटर (Twiiter) ने शनिवार को दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi HC) को बताया कि वो एक रेजिडेंट ग्रीवांस ऑफिसर (Resident Grievance Officer) की नियुक्ति के अंतिम चरण में हैं। इससे पहले ट्विटर के अंतरिम अधिकारी ने 21 जून को इस पद से इस्तीफा दे दिया था। ट्विटर ने कोर्ट को बताया, "हम एक रेजिडेंट ग्रीवांस ऑफिसर की नियुक्ति के अंतिम चरण में हैं। अंतरिम रेजिडेंट शिकायत अधिकारी ने 21 जून को अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी।”
धर्मेंद्र चतुर के इस्तीफा देने के बाद ट्विटर ने कैलिफोर्निया के जेरेमी केसल को भारत का नया शिकायत अधिकारी नामित किया था। मगर नए IT नियमों के अनुसार शिकायत निवारण अधिकारी सहित सभी नोडल प्राधिकरण भारत के ही होने चाहिए और जेरेमी केसल कैलिफोर्निया से आते हैं।
केंद्र ने ट्विटर पर जानबूझकर अवज्ञा करने और भारत के नए IT नियमों का पालन करने में फेल होने के साथ-साथ जरूरी अधिकारियों को नियुक्त करने में विफल रहने का भी आरोप लगाया है, जिसके परिणामस्वरूप इसका सेफ गॉर्ड भी वापस ले लिया गया था।
प्लेटफॉर्म के खुलेआम दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से IT नियमों के अनुसार, प्रमुख सोशल मीडिया मीडिएटर को एक मुख्य अनुपालन अधिकारी, एक नोडल अधिकारी और एक शिकायत अधिकारी को नियुक्त करना चाहिए, जो सभी भारतीय निवासी होने चाहिए।
यदि ये प्लेटफ़ॉर्म डिजिटल नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो वे अपनी मध्यस्थ स्थिति खो देंगे, जो उन्हें उनके द्वारा होस्ट किए जाने वाले किसी भी थर्ड पार्टी डेटा के दायित्व से बचाता है।