उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए योगी सरकार ने रविवार को 17 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। ANI ने उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल (Navneet Sehgal) के हवाले से बताया है कि उत्तर प्रदेश में  आंशिक कोरोना कर्फ्यू (Partial corona curfew) 17 मई तक बढ़ा दिया गया है। इस दौरान पहले की तरह सभी पाबंदियां लागू रहेंगी।

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 26,847 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में 198 लोगों की मौत दर्ज की गई है। राज्य में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,80,315 हो गई है। एक्टिव मामलों की संख्या 2,45,736 है। 

सूबे में 30 अप्रैल से कर्फ्यू लागू है। शुरू में इसे 3 मई तक लागू रहना था, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 6 मई तक के लिए कर दिया गया है। फिर इसे बढ़ाकर 10 कर दिया गया है। अब इसे फिर से बढ़ाकर 17 मई तक कर दिया गया है।

राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 30 मई को उत्तर प्रदेश में कुल 3,10,000 सक्रिय मामले थे जो आज घटकर 2,33,000 तक आ गए हैं। प्रदेश में 8 दिन के अंदर 77,000 सक्रिय मामले कम हुए हैं। 24 अप्रैल को प्रदेश में सबसे अधिक 38,000 पॉजिटिव मामले आए थे, आज 23,000 मामले आए हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

लॉकडाउन 17 मई सोमवार सुबह तक के लिए बढ़ाया गया है। इस दौरान पहले की तरह ही सभी पाबंदियां लागू रहेंगी। आवश्यक सेवाओं को छूट मिलती रहेगी। बेवजह घूमने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।

पहली बार मास्क न लगाने पर 1,000 रुपये जुर्माना और दूसरी बार भी यही गलती की तो 10,000 रुपये का जुर्माना देना होगा। मॉल, जिम, स्पा और ऑडिटोरियम रहेंगे बंद। रेस्टोरेंट खुले रहेंगे, लेकिन केवल होम डिलीवरी की अनुमति दी गई है।

शादी समारोह में आयोजन के दौरान सिर्फ 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई है और अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोग शामिल हो सकेंगे। अगले आदेश तक सभी स्कूल बंद रहेंगे, बोर्ड परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक उत्सव से संबंधित और अन्य भीड़ वाली सभाएं आयोजित नहीं की जाएगी।


सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।