Monsoon Session 2021: संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होगा। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सदन को 13 अगस्त तक चलाए जाने की जानकारी भी दी गई है। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का खास पालन किया जाएगा। संसदीय मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCPA) ने 19 जुलाई से 13 अगस्त तक संसद के मानसून सत्र की सिफारिश की थी।
सूत्रों ने बताया कि करीब एक महीने तक चलने वाले मानसून सत्र के दौरान 20 बैठकें होने की संभावना है। आमतौर पर संसद का मानसून सत्र जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होता है और स्वतंत्रता दिवस से पहले समाप्त होता है।
सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि संसदीय मामलों संबंधी मंत्रिमंडल समिति ने इस सत्र की अवधि को लेकर सिफारिश की है। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान संसद परिसर में कोविड से जुड़े सभी प्रोटोकाल का पालन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसी उम्मीद की जाती है कि सत्र के दौरान परिसर में प्रवेश करने वाले तब कोरोना वायरस वैक्सीन की कम से कम एक डोज ले चुके होंगे। इस महीने की शुरुआत में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा था कि उन्हें विश्वास है कि संसद का मानसून सत्र होगा और इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
