Cruise Ship Drugs Case: क्रूज ड्रग्स पार्टी मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने शनिवार सुबह मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित फिल्म निर्माता इम्तियाज खत्री (Imtiyaz Khatri) के घर और दफ्तर पर छापेमारी की। इसके साथ ही उन्हें एनसीबी ने समन जारी आज पूछताछ के लिए बुलाया है। उनका नाम दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद एनसीबी की ड्रग्स मामले में जांच के समय भी सामने आया था।
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, दिवंगत अभिनेता की पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी के वकील अशोक सरावगी ने दावा किया कि खत्री ने सुशांत सिंह राजपूत और रिया चक्रवर्ती को ड्रग्स की सप्लाई की थी। हालांकि, एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने खत्री के घर पर छापेमारी के संबंध में अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, शनिवार को NCB की टीम ने इम्तियाज खत्री के ब्रांद्रा स्थित घर और ऑफिस में भी छापेमारी की। इस मामले में NCB खत्री से आज पूछताछ भी करेगी। खत्री के मुंबई के कई बड़े फिल्म कलाकारों से कनेक्शन हैं। मुंबई के एक बड़े बिल्डर के बेटे इम्तियाज पर ड्रग्स मामले में शामिल होने का आरोप है।
इस बीच, मुंबई की एक अदालत ने एक क्रूज पोत से प्रतिबंधित नशीले पदार्थ कथित रूप से बरामद होने के मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और दो अन्य की जमानत याचिकाएं शुक्रवार को खारिज कर दीं। अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट आर एम नेर्लिकर ने कहा कि आर्यन (23), मुनमुन धमेचार और अरबाज मर्चेंट की जमानत याचिकाएं सुनवाई योग्य नहीं हैं।
एनसीबी ने गोवा जा रहे एक क्रूज जहाज पर छापेमारी के बाद इन तीनों को अन्य लोगों के साथ रविवार को गिरफ्तार किया था। एनसीबी ने आर्यन और सात अन्य की हिरासत बढ़ाए जाने के एनसीबी के अनुरोध को खारिज कर दिया था और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
एनसीबी ने मुंबई तट के पास गोवा जा रहे एक क्रूज जहाज पर शनिवार रात छापेमारी करने के बाद पिछले सप्ताह इन तीनों के साथ कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लिया था। केंद्रीय एजेंसी का दावा है कि इन आरोपियों के पास से ड्रग्स सहित अन्य मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। इस मामले में अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
