प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पंजाब, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों से उनके राज्यों में कोरोना की स्थिति पर बातचीत की। महामारी की स्थिति को जानने और सुझाव देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पिछले कुछ दिनों से राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल से बातचीत कर रहे हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पंजाब, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों ने कोरोना की दूसरी लहर से हो रही तबाही से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में बताया।
इन राज्यों में पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामलों में तेजी आई है। कर्नाटक के बेंगलुरू में कोरोना के मामले बहुत अधिक बढ़ रहे हैं और हॉस्पिटल्स में ऑक्सिजन और जरूरी दवाओं की कमी हो रही है। बिहार में भी कोरोना के मरीजों के इलाज में मुश्किल हो रही है। राज्य में हॉस्पिटल बेड की भारी कमी है और इससे मरीजों को जल्द इलाज नहीं मिल पा रहा।
उत्तराखंड में भी कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के 9 मई को सुबह तक के आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन में कोरोना के 4,03,738 नए मामले आए। इससे कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,22,96,414 पर पहुंच गई।
कोरोना से अब तक 2,42,362 लोगों की मृत्यु हुई है। विदेश से बड़ी मात्रा में मेडिकल सहायता पहुंचने के साथ आने वाले दिनों में जरूरी दवाओं और उपकरणों की कमी से हो रही मुश्किलों से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
