Gujarat Floods: गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। सौराष्ट्र क्षेत्र के कुछ जिलों में पिछले 36 घंटे से अधिक समय से जारी भारी बारिश के कारण वहां बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए बचाव एजेंसियों के साथ ही साथ भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) और नौसेना (Indian Navy) की भी मदद ली जा रही है। जामनगर के कई गांवों में हालात बहुत ज्यादा खराब हैं। कई घरों की एक मंजिल पूरी तरह डूब गई है।
राजकोट में अधिकारियों ने सोमवार को भारतीय वायु सेना और नौसेना से मदद मांगी थी। भारतीय नौसेना ने कहा कि गुजरात के प्रभावित इलाकों में बचाव कार्यों के लिए 6 और टीमें तैयार हैं। नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी बचाव प्रयासों में सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं।
सौराष्ट्र क्षेत्र में सोमवार को भारी बारिश के चलते हुई घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। राजकोट और जामनगर में नदियां उफान पर आ गईं और निचले इलाकों में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा।
इसके चलते विभागों को चेतावनी जारी करनी पड़ी और बचाव एवं राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया। जिला प्रशासन के मुताबिक, जामनगर और राजकोट में लोगों को निकालने के लिए वायुसेना के हेलिकॉप्टरों को की मदद ली गई।
अधिकारियों ने बताया कि राजकोट के कलावाड़ और जामनगर जिले के जाम जोधपुर में कार बह जाने की अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और दो पुरुषों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि NDRF और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की कई टीम को राजकोट, जूनागढ़ और जामनगर भेजा गया है।
जिलाधिकारी सौरभ पारधी ने बताया कि जामनगर जिले के विभिन्न गांवों से वायुसेना के हेलिकॉप्टरों द्वारा लगभग 20 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया और 30 अन्य को भी बचाया गया। वहीं, राजकोट के जिलाधिकारी अरुण महेश बाबू ने बताया कि वायुसेना के हेलिकॉप्टर जिले के तीन अलग-अलग गांवों से 22 लोगों को निकालने की तैयारी कर रहे हैं।
एसईओसी के एक अधिकारी ने बताया कि जामनगर और कलावाड़ के बीच नेशनल हाईवे का एक हिस्सा बाढ़ के कारण ब्लॉक हो गया जबकि जामनगर, अमरेली और पोरबंदर छह राज्य हाईवे और विभिन्न जिलों में 58 गांव की सड़कें इसी तरह प्रभावित हुईं।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।