राजस्थान सरकार ने ब्लैक फंगस को घोषित किया 'महामारी', राज्य में तेजी से बढ़ रहे हैं केस

ब्लैक फंगस एक गंभीर लेकिन दुर्लभ फंगल संक्रमण है जो म्यूकोर्मिसेट्स नामक मोल्डों के ग्रुप के कारण होता है

अपडेटेड May 19, 2021 पर 11:44 PM
Story continues below Advertisement

राजस्थान सरकार (Rajasthan Government) ने कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों में सामने आ रहे है म्यूकर माइकोसिस (ब्लैक फंगस) रोग को बुधवार को महामारी घोषित कर दिया। राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने इस बारे में बुधवार को अधिसूचना जारी की। बता दें कि कोरोना संक्रमण को मात दे चुके कई लोगों को अब ब्लैक फंगस (Black Fungus) शिकार बना रहा है। देश के कई राज्यों में ब्लैक फंगस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा अखिल अरोरा द्वारा जारी इस अधिसूचना के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमण के प्रभाव के कारण म्यूकर माइकोसिस (ब्लैक फंगस) के मरीजों की संख्या में निरंतर वृद्धि, ब्लैक फंगस के कोरोना वायरस संक्रमण के दुष्प्रभाव के रूप में सामने आने, कोविड-19 एवं ब्लैक फंगस का एकीकृत एवं समन्वित इलाज किए जाने के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।

राजस्थान महामारी अधिनियम 2020 की धारा 3 की सहपठित धारा 4 के तहत म्यूकर माइकोसिस (ब्लैक फंगस) को संपूर्ण राज्य में महामारी एवं अधिसूचनीय रोग अधिसूचित किया गया है। बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कुछ दिन पहले राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हो चुके मरीजों में म्यूकर माइकोसिस बीमारी के मामले सामने आने को चिंता जताई थी।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह बीमारी कोरोना वायरस से ठीक हुए मधुमेह के मरीजों में अधिक हो रही है। इस बीमारी में पीड़ित की आंखों की रोशनी जाने के साथ ही जबड़े तक को निकालने की नौबत आ रही है। राजस्थान में करीब 100 मरीज ब्लैक फंगस से प्रभावित हैं। इनके उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में अलग से वार्ड बनाया गया है, जहां पूरे प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज किया जा रहा है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।