उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव (UP Panchayat Election) को लेकर आज एक बार फिर आरक्षण की नई लिस्ट (New Reservation List) जारी हो सकती है। आरक्षण व्यवस्था में इलाहाबाद हाइकोर्ट के दखल के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में पंचायत चुनाव की पुरानी आरक्षण नीति में संशोधन को मंजूरी दी गई थी, जिसके बाद नई आरक्षण नीति बनाने का काम शुरू हुआ और जो अब करीब-करीब पूरा हो चुका है।

शनिवार को जिला प्रशासन ये नई लिस्ट जारी कर देगा। बता दें कि ब्लॉक पर ग्राम प्रधान और BDC की आरक्षण की लिस्ट लगा दी जाएगी। वहीं जिला पंचायत सदस्य के सदस्यों के आरक्षण की लिस्ट DPRO दफ्तर और जिला पंचायत दफ्तर पर मिल जाएगी।

बता दें कि शासन की तरफ से बुधवार रात जारी नई व्यवस्था में भी आरक्षित सीटों का आंकड़ा पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन कम से कम 40 से 50 फीसदी सीटों का आरक्षण बदल जाएगा। जानकारी के मुताबिक, नए शासनादेश में जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित है।

ब्लॉक प्रमुख के पद में कोई फेरबदल नहीं किया गया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 378 ग्राम पंचायतों में महिलाओं की सरकार के गवाह बनेंगे। आज लिस्ट जारी होते ही 21 से 23 मार्च तक इन पर आपत्तियां ली जाएंगी। 24 मार्च से 25 मार्च तक आपत्तियों का निस्तारण करते हुए अंतिम लिस्ट तैयार की जाएगी।

ऐसा माना जा रहा है कि नई व्यवस्था में जो सीटें 2 मार्च को आरक्षित की गई थीं, वे अनारक्षित और जो अनारक्षित थीं वे आरक्षित हो सकती हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।