IPL 2025: अजिंक्य रहाणे बने कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान, श्रेयस अय्यर की लेंगे जगह, चेन्नई के लिए कर चुके हैं आक्रमक बल्लेबाजी

IPL 2025: गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने घोषणा की है कि अजिंक्य रहाणे आईपीएल 2025 में फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करेंगे। केकेआर की कप्तानी करने की दौड़ में शामिल रहे वेंकटेश अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। रहाणे ने भारत के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 85 टेस्ट मैच खेले हैं

अपडेटेड Mar 03, 2025 पर 6:26 PM
Story continues below Advertisement
IPL 2025: अजिंक्य रहाणे ने केकेआर के कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर की जगह ली है

IPL 2025: भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को घरेलू टी20 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की कप्तानी सौंपी गई। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का आगाज 22 मर्च को गत चैंपियन कोलकाता नाईट रायडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच के साथ वाला है। केकेआर की कप्तानी करने की दौड़ में शामिल रहे वेंकटेश अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है। 36 साल के रहाणे ने भारत के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 85 टेस्ट मैच खेले हैं।

अजिंक्य रहाणे ने सबसे छोटे फॉर्मेट में खुद को फिर से स्थापित करते हुए इस साल सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में 164.56 की स्ट्राइक रेट से 469 रन बनाए। वह इस टूर्नामेंट के बीते सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आईपीएल में भी पिछले कुछ वर्षों में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आक्रमक बल्लेबाजी की है। रहाणे ने केकेआर के कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर की जगह ली है। श्रेयस इस सत्र में पंजाब किंग्स की अगुवाई करेंगे। पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन के बाद भी श्रेयस और केकेआर ने अलग होने का फैसला किया।

फ्रैंचाइजी के सीईओ वेंकी मैसूर ने टीम के नए कप्तान और उपकप्तान का ऐलान करते हुए करते हुए कहा, "हमें अजिंक्य रहाणे जैसे व्यक्ति को पाकर खुशी है, जो एक लीडर के रूप में अपना अनुभव और परिपक्वता लाता है। इसके अलावा, वेंकटेश अय्यर केकेआर के लिए एक फ्रेंचाइजी खिलाड़ी रहे हैं और उनमें बहुत सारे नेतृत्व गुण हैं। हमें विश्वास है कि जब हम अपने खिताब की रक्षा शुरू करेंगे तो वे अच्छा संयोजन करेंगे।"


रहाणे पहले भी केकेआर के लिए खेल चुके हैं और फ्रेंचाइजी ने उन्हें मेगा नीलामी में उनके आधार मूल्य 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। रहाणे ने एक बयान में कहा, "केकेआर की अगुवाई करने का मौका मिलना सम्मान की बात है। यह आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक है। मुझे लगता है कि हमारे पास एक बेहतरीन और संतुलित टीम है। मैं सभी के साथ काम करने और अपने खिताब को बचाने की चुनौती लेने के लिए उत्सुक हूं।"

रहाणे की अगुवाई में भारतीय टीम ने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उनकी अगुवाई में हाल ही में समाप्त रणजी ट्रॉफी में मुंबई का सफर सेमीफाइनल तक पहुंचाया था। रहाणे ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की है। फ्रेंचाइजी ने हालांकि 2019 सत्र के बीच में उनकी जगह स्टीव स्मिथ को कप्तान बना दिया था।

ये भी पढ़ें- Akash Anand: आकाश आनंद को BSP प्रमुख मायावती ने पार्टी से किया निष्कासित, बताई ये वजह

केकेआर की टीम में कप्तानी के लिए बहुत ज्यादा विकल्प नहीं है। भारतीय खिलाड़ियों में से उन्हें रहाणे, वेंकटेश और रिंकू सिंह में से किसी एक को चुनना था। गत चैंपियन केकेआर का आईपीएल के पहले मैच में 22 मार्च को ईडन गार्डन्स में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मुकाबला होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।