IND vs ZIM T20: अभिषेक का पहला शानदार शतक, भारत ने जिम्बाब्वे को हराकर सीरीज 1-1 से बराबर की

IND vs ZIM Second T20: ये T20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का सबसे ज्यादा स्कोर है, इससे पहले हाई स्कोर 186 रन का था। जिम्बाब्वे के लिए सलामी बल्लेबाज वेस्ले माधेवेरे ने 43 रन, ल्यूक जोंगवे ने 33 रन और ब्रायन बेनेट ने 26 रन की पारी खेली। इनके अलावा जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कैंपबेल के बेटे जोनाथन कैंपबेल (10 रन) ही दोहरे अंक में पहुंचे।

अपडेटेड Jul 07, 2024 पर 8:54 PM
IND vs ZIM T20: अभिषेक का पहला शानदार शतक, भारत ने जिम्बाब्वे को हराकर सीरीज 1-1 से बराबर की

भारतीय टीम ने युवा खिलाड़ी अभिषेक शर्मा की 47 गेंद में 100 रन की शानदार शतकीय पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से रविवार को दूसरे T20 इंटरनेशनल मुकाबले में जिम्बाब्वे पर 100 रन की जीत से पांच मैच की सीरीज 1-1 से बराबर की। बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण पहले मैच में मिली 13 रन की हार से वापसी करते हुए भारत ने अभिषेक के आठ छक्के और सात चौके के साथ शतक से रविवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

ये T20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का सबसे ज्यादा स्कोर है, इससे पहले हाई स्कोर 186 रन का था। भारत ने फिर मुकेश कुमार (37 रन देकर तीन विकेट), आवेश खान (15 रन देकर तीन विकट) और रवि बिश्नोई (11 रन देकर दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी से जिम्बाब्वे को 18.4 ओवर में 134 रन पर समेट दिया। भारत ने इस तरह T20 में जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल की।

गायकवाड़ और अभिषेक का पार्टनरशिप


जिम्बाब्वे के लिए सलामी बल्लेबाज वेस्ले माधेवेरे ने 43 रन, ल्यूक जोंगवे ने 33 रन और ब्रायन बेनेट ने 26 रन की पारी खेली। इनके अलावा जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कैंपबेल के बेटे जोनाथन कैंपबेल (10 रन) ही दोहरे अंक में पहुंचे।

पिछले मैच में डेब्यू के दौरान चार गेंद में जीरो पर आउट होने वाले अभिषेक ने सूझबूझ से खेलते हुए रूतुराज गायकवाड़ (47 गेंद में नाबाद 77 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी निभायी।

इन दोनों के अलावा रिंकू सिंह ने 22 गेंद में पांच छक्के जड़ के नॉट आउट 48 रन की पारी खेली। गायकवाड़ और रिंकू ने तीसरे विकेट के लिए नॉट आउट 87 रन की भागीदारी निभायी।

वेलिंगटन मास्काद्जा और ब्लेसिंग मुजारबानी को एक एक विकेट मिला।

अभिषेक को 27 रन पर जीवनदान मिला

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में छक्के जड़ने वाले सबसे शानदार खिलाड़ी अभिषेक को 27 रन पर जीवनदान मिला, जब मास्काद्जा ने ल्यूक जोंगवे की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया। इसके बाद इस भारतीय बल्लेबाज ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

अभिषेक ने अपने अंतरराष्ट्रीय रन का खाता ऑफ स्पिनर ब्रायन बेनेट की गेंद पर छक्का लगाकर खोला। उन्होंने डियोन मेयर्स की गेंद पर स्क्वायर के पीछे छक्का जड़कर अर्धशतक पूरा किया। मेयर्स के एक ओवर में बने 28 रन के बाद भारतीय पारी ने तूफानी रफ्तार पकड़ी।

प्रतिद्वंद्वी कप्तान सिकंदर रजा की गेंद पर लगा अभिषेक का छक्का सबसे आकर्षक रहा। उन्होंने बायें हाथ के स्पिनर मास्काद्जा पर लगातार तीन छक्के जड़े और फिर अपना शतक पूरा करते ही उनकी गेंद पर आउट हो गए।

डग आउट में लौटने पर उन्हें कप्तान और उनके मित्र शुभमन गिल ने बधाई दी।

अभिषेक की पारी की सबसे अच्छी चीज

अभिषेक की पारी का सबसे अच्छी चीज ‘गियर’ बदलना रही। भारत ने पहले 10 ओवर में एक विकेट पर 74 रन बनाये। फिर अगले पांच ओवर में टीम ने युवराज सिंह के शिष्य की बदौलत 78 रन जोड़े। खराब फिल्डिंग का भी जिम्बाब्वे को नुकसान पहुंचा, जिन्होंने गायकवाड़ का कैच भी छोड़ दिया था। इसके बाद गायकवाड़ और रिंकू ने 36 गेंद में 87 रन की भागीदारी निभायी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरूआत अच्छी नहीं रही जिसने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाये। मुकेश और आवेश ने जिम्बाब्वे के टॉप ऑर्डर को आउट किया, जिससे जिम्बाब्वे ने पावरप्ले में अपने चार विकेट गंवा दिए थे।

माधेवेरे एक छोर पर डटे थे, लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे और महज औपचारिकता बची थी।

माधेवेरे ने 39 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का जड़ा। उन्होंने जोंगवे के साथ आठवें विकेट के लिए 32 गेंद में 41 रन जोड़े। इसके अलावा कोई महत्वपूर्ण भागीदारी नहीं बनी। पहले मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले स्पिनर रवि बिश्नोई ने दो और वाशिंगटन सुंदर ने एक विकेट झटका।

रोहित शर्मा की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने उतरेगी टीम इंडिया, जय शाह ने जताई 2025 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंशिप फतह की उम्मीद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।