IPL 2025, KKR vs RCB : दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानी इंडियन प्रिमियर लीग की शुरुआत में अब कुछ घंटों का समय बचा हुआ है। आईपीएल 2025 की शुरुआत डिफेंडिंग चैंपियंस कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच से होगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेला जाएगा। क्या आपको याद है कि 18 साल पहले आईपीएल की शुरूआत भी इन दोनों टीमों के मैच से ही हुआ था।
आईपीएल का पहला मैच 2008 में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। यह मुकाबला भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच था। आइए जानते हैं उस मैच की कहानी
आईपीएल की शुरुआत वर्ष 2008 में हुई थी और देखते-देखते इसने क्रिकेट जगत की पूरी कहानी बदल दी। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडिय में 18 अप्रैल 2008 को आईपीएल के पहले मैच में टक्कर RCB और KKR के बीच हुई थी। सौरभ गांगुली कोलकाता और राहुल द्रविड़ बेंगलुरु टीम की अगुआई कर रहे थे। द्रविड़ ने टॉस जीत कर पहले फ़ील्डिंग का फैसला किया। केकेआर ने इस मैच में 3 विकेट पर 222 रन बनाए थे. जबकि आरसीबी को 15.1 ओवर में 82 रनों पर ही ढेर कर दिया था। इस तरह केकेआर ने यह मैच 140 रनों से जीता था। इस मैच के असली हीरो मौजूदा समय में इंग्लैंड के कोच और न्यूजीलैंड के धाकड़ खिलाड़ी ब्रैंडन मैक्कुलम थे। इस कीवी खिलाड़ी ने अपने बल्ले से पहले ही मैच में कोहराम मचा दिया था।
केकेआर के ओपनर ब्रेंडन मैक्कुलम ने महज 73 गेंदों में नाबाद 158 रनों की धुआंधार पारी खेली थी। इस मैच में मैक्कुलम के बल्ले से 13 छक्के और 10 चौके निकले थे और वह आईपीएल के पहले 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे। वहीं इस पहले सीजन को राजस्थान रॉयल्स ने अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न ने अपनी कप्तानी में राजस्थान टीम को यह खिताब जिताया था।