BCCI छोड़ेंगे जय शाह! ICC में चेयमैन पद के लिए ठोक सकते हैं ताल, नवंबर में चुनाव कराए जाने की उम्मीद

जय शाह (Jay Shah) ने खुद इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है कि वो चुनाव लड़ना चाहते हैं या नहीं, लेकिन ऐसी खबरें हैं कि वो ICC के कामकाज के तरीके में बदलाव लाना चाहते हैं, खासकर हाल ही में अमेरिका और कैरेबियाई द्वीपों की सह-मेजबानी में हुए T20 वर्ल्ड कप के आयोजन पर विवाद के बाद

अपडेटेड Jul 08, 2024 पर 7:20 PM
BCCI छोड़ेंगे जय शाह! ICC में चेयमैन पद के लिए ठोक सकते हैं ताल

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अगले अध्यक्ष के लिए चुनाव कथित तौर पर इस साल नवंबर में होगा। मौजूदा ग्रेग बार्कले चार साल से इस पद पर हैं, लेकिन वो एक और कार्यकाल के लिए पात्र हैं। हालांकि, ऐसी अटकलें हैं कि BCCI सचिव जय शाह इस पद पर आ सकते हैं और अगर वो ऐसा करते हैं और सफल होते हैं, तो वो इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के शख्स बन जाएंगे।

ICC जुलाई के आखिर में कोलंबो में अपनी एनुअल कॉन्फ्रेंस करेगी, लेकिन Cricbuzz की एक रिपोर्ट के अनुसार, बैठक के दौरान अगले अध्यक्ष के चुनाव की टाइमलाइन को औपचारिक रूप दिया जा सकता है।

ICC में बदलाव लाना चाहते हैं जय शाह


शाह ने खुद इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है कि वो चुनाव लड़ना चाहते हैं या नहीं, लेकिन ऐसी खबरें हैं कि वो ICC के कामकाज के तरीके में बदलाव लाना चाहते हैं, खासकर हाल ही में अमेरिका और कैरेबियाई द्वीपों की सह-मेजबानी में हुए T20 वर्ल्ड कप के आयोजन पर विवाद के बाद।

रिपोर्ट आगे बताया गया है कि ICC ने चेयरमैन के कार्यकाल में बदलाव किया है। क्रिकेट की ग्लोबल गवर्निंग बॉडी के नए प्रमुख का कार्यकाल तीन साल होगा, जबकि पहले यह दो साल होता था, लेकिन अब पहले की तरह दो बार नहीं बल्कि एक बार रिपीट कर पाएंगे।

2009 से क्रिकेट से जुड़े हैं जय शाह

शाह 2009 से क्रिकेट प्रशासन में शामिल हैं और पहले गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव के रूप में काम कर चुके हैं। वो 2015 में BCCI में शामिल हुए और सितंबर 2019 में बोर्ड सचिव चुने गए।

हाल ही में महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने अपने कार्यकाल के दौरान भारत में क्रिकेट के विकास के लिए BCCI की तरफ से उठाए गए कदमों के लिए शाह की प्रशंसा की थी।

जय शाह के फैन हुए गावस्कर

गावस्कर ने इंडिया टुडे को बताया, "कई लोग जय शाह की आलोचना करते हैं, उनके योगदान के बजाय उनके पिता के राजनीतिक स्टेटस पर फोकस करते हैं।"

उन्होंने कहा, “हालांकि, जय शाह ने जो हासिल किया है - जैसे महिला प्रीमियर लीग लाना, महिला टीम के लिए पुरुषों के बराबर सैलरी करना, IPL खिलाड़ियों के लिए फीस बढ़ाना और इंसेंटिव में जबरदस्त बढ़ोतरी करना, ये सराहनीय है। दुर्भाग्य से, कुछ लोग राजनीतिक एजेंडे के कारण उन्हें श्रेय देने से इनकार करते हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।