अफगानिस्तान (Afghanistan) के विदेश मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान (Pakistan) में अफगान राजदूत की बेटी का शुक्रवार को अपहरण कर लिया गया था और घर जाते समय अज्ञात व्यक्तियों ने उसे कई घंटों तक गंभीर रूप से प्रताड़ित भी किया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान में अफगान राजदूत नजीबुल्लाह अलीखिल की बेटी सिलसिला अलीखिल को अपहरणकर्ताओं ने रिहा कर दिया है और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
अफगान विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह "इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करता है और राजनयिकों, उनके परिवारों और पाकिस्तान में अफगान राजनीतिक और कांसुलर मिशन के कर्मचारियों की सुरक्षा पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त करता है।"
मंत्रालय ने पाकिस्तान सरकार से अफगान दूतावास और वाणिज्य दूतावासों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संधियों और सम्मेलनों के अनुसार राजनयिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आह्वान किया।
इसने आगे कहा, "जबकि अफगान विदेश मंत्रालय पाकिस्तान के विदेश मामलों के मंत्रालय के साथ इस मामले को फॉलो कर रहा है। हम पाकिस्तानी सरकार से जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान करने और उन पर मुकदमा चलाने का आग्रह करते हैं।"
मालूम हो कि हाल के कुछ हफ्तों में तालिबान ने अफगानिस्तान में कई जिलों पर कब्जा कर लिया है और अब माना जाता है कि ये देश के लगभग एक तिहाई हिस्से को कंट्रोल कर रहा है। अफगान सरकार ने बार-बार पाकिस्तान पर तालिबान का समर्थन करने का आरोप लगाया है।
अफगानिस्तान के उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह ने गुरुवार को आरोप लगाया कि पाकिस्तानी वायु सेना तालिबान को एयर सपोर्ट भी दे रही है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "पाकिस्तान वायु सेना ने अफगान सेना और वायु सेना को आधिकारिक चेतावनी जारी की है कि स्पिन बोल्डक क्षेत्र से तालिबान को हटाने के किसी भी कदम का पाकिस्तान वायु सेना द्वारा सामना किया जाएगा और उसे खदेड़ दिया जाएगा।"
वहीं शुक्रवार को अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में एक सम्मेलन में बोलते हुए पाकिस्तान सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद अफगानिस्तान में हिंसा भड़का रहा है।