न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (New Zealand Cricket Team) ने पहला वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच शुरू होने से ठीक पहले शुक्रवार को सुरक्षा का हवाला देते हुए पाकिस्तान (Pakistan) का अपना वर्तमान दौरा रद्द कर दिया। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम की सुरक्षा को किसी तरह का खतरा नहीं था।
न्यूजीलैंड टीम को आज यानी शुक्रवार से पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच खेलना था उसके बाद उन्हें लाहौर में 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी थी।
दरअसल, समस्या तब शुरू हुई जब सीमित ओवरों की श्रृंखला का पहला वनडे रावलपिंडी स्टेडियम में शुक्रवार को समय पर शुरू नहीं हुआ और दोनों टीमें होटल के अपने कमरों में ही रही। इसके बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी डेविड वाइट (David White) ने एक बयान जारी करके कहा कि उन्हें जो सलाह मिल रही थी उसे देखते हुए दौरा जारी रखना संभव नहीं है।
Taliban के कब्जे के बाद भुखमरी की कगार पर आम अफगान, खाने के लिए घर का सामान बेच रहे हैं लोग
उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि यह पीसीबी के लिए करारा झटका होगा जो कि शानदार मेजबान रहा है लेकिन खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और हमारा मानना है कि इसके लिए यही जिम्मेदारी भरा विकल्प है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सुरक्षा खतरों के बारे में विस्तार से नहीं बताया और न ही टीम की वापसी के लिए की जा रही व्यवस्था पर टिप्पणी की।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी तरफ से कहा कि न्यूजीलैंड ने श्रृंखला स्थगित करने का एकतरफा फैसला किया। पीसीबी ने बयान में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान सरकार सभी मेहमान टीमों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करती है। हमने न्यूजीलैंड क्रिकेट को भी इसका आश्वासन दिया था।
पीसीबी ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने व्यक्तिगत तौर पर न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री से बात की और उन्हें बताया कि हमारे पास दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खुफिया प्रणाली है और मेहमान टीम के लिए किसी भी तरह का कोई सुरक्षा खतरा नहीं है।
पीसीबी ने कहा कि न्यूजीलैंड टीम के साथ आए सुरक्षा अधिकारी भी यहां की सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट थे। बयान में कहा गया है कि पीसीबी मैचों के आयोजन जारी रखने के लिए तैयार है। पाकिस्तान और विश्व भर के क्रिकेट प्रेमी आखिरी क्षणों में सीरीज रद्द किए जाने से निराश होंगे। इस सीरीज में 3 वनडे और 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने थे।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
