गर्मियों में तेज धूप और लू चलने के कारण शरीर से पसीना अधिक निकलता है, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या जल्दी हो जाती है। ऐसे में शरीर को ठंडक देने और हाइड्रेट रखने के लिए पानी पीना बेहद जरूरी होता है। अक्सर लोग तुरंत राहत के लिए फ्रिज का बर्फीला पानी पी लेते हैं, लेकिन ये आदत सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। बहुत ठंडा पानी पाचन क्रिया को धीमा कर सकता है और गले से जुड़ी समस्याएं भी खड़ी कर सकता है। वहीं कुछ लोग गर्म पानी को हेल्दी मानते हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में ये भी शरीर को और अधिक गर्म कर सकता है।
इसलिए जरूरी है कि हम पानी का तापमान सही चुनें, ताकि शरीर को लाभ मिले न कि नुकसान। आइए जानते हैं गर्मियों में पानी का सही तापमान क्या होना चाहिए और क्यों यह सेहत के लिए सबसे उपयुक्त है।
बहुत ठंडा पानी क्यों है नुकसानदायक?
हमारे शरीर का सामान्य तापमान करीब 37°C होता है। जब हम बहुत ठंडा पानी पीते हैं, तो शरीर को इसे संतुलित करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे शरीर की ऊर्जा ज्यादा खर्च होती है और मेटाबॉलिज्म धीमा हो सकता है, जिससे पाचन संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
ब्लड सर्कुलेशन और दिल पर असर
ठंडा पानी पीने से शरीर की रक्त नलिकाएं (ब्लड वेसल्स) सिकुड़ जाती हैं, जिससे ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो सकता है। इससे दिल की धड़कन बढ़ जाती है और हाई ब्लड प्रेशर या हार्ट डिजीज से ग्रसित लोगों के लिए यह और भी खतरनाक हो सकता है।
वजन घटाने में भी हो सकती है रुकावट
डॉक्टर्स के अनुसार, ठंडा पानी पीने से पाचन तंत्र की प्रक्रिया धीमी हो जाती है, जिससे वजन कम करने में मुश्किल होती है। इसके अलावा ठंडा पानी शरीर में सूजन भी बढ़ा सकता है।
किन हालातों में न पिएं ठंडा पानी?
भोजन के तुरंत बाद: ठंडा पानी पाचन एंजाइम्स पर असर डाल सकता है।
एक्सरसाइज के तुरंत बाद: शरीर के गर्म तापमान पर ठंडा पानी मसल्स में ऐंठन और दर्द का कारण बन सकता है।
धूप में रहने के बाद: अचानक ठंडा पानी पीने से शरीर को झटका लग सकता है।
गैस्ट्रिक और एसिडिटी: ठंडा पानी पेट की समस्याएं बढ़ा सकता है।
सर्दी-जुकाम या फ्लू: इस समय ठंडा पानी गले और सांस की नली पर असर डाल सकता है।
सही तापमान का पानी कब और क्यों?
डॉक्टर्स सलाह देते हैं कि गर्मी में पानी का तापमान सामान्य यानी लगभग 20-25°C होना चाहिए। ये शरीर के तापमान के करीब होता है और इसे पचाना आसान होता है। इससे शरीर हाइड्रेटेड रहता है, गर्मी से राहत मिलती है और सेहत पर भी बुरा असर नहीं पड़ता।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।