Health alert: नाखूनों की लकीरें बता रही हैं सेहत की सच्चाई, जानिए क्या है वजह

Lines On Nails: अगर आपके नाखूनों पर हल्की रेखाएं बन रही हैं, जिन्हें छूने पर उभार महसूस होता है, तो ये सिर्फ सामान्य बदलाव नहीं है। ये रेखाएं शरीर में कुछ जरूरी पोषक तत्वों की कमी या किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकती हैं। इन्हें नजरअंदाज करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 8:11 AM
Story continues below Advertisement
Lines On Nails: अगर नाखूनों पर सफेद रंग की मोटी लाइन या बैंड बन रहा है, जिसे मीस लाइन्स कहा जाता है

नाखूनों की बनावट और रंगत सिर्फ सौंदर्य नहीं, बल्कि स्वास्थ्य का आईना भी होती है। अक्सर लोग चेहरे और हाथों की त्वचा की देखभाल तो करते हैं, लेकिन नाखूनों की ओर ध्यान नहीं देते। जबकि नाखून हमारे शरीर के भीतर चल रहे कई बदलावों की चुपचाप जानकारी देते हैं। जब इन पर लकीरें उभरने लगें, रंग बदलने लगे या सतह असमान हो जाए, तो ये किसी अंदरूनी समस्या का संकेत हो सकता है। ये रेखाएं सिर्फ उम्र बढ़ने का असर नहीं, बल्कि पोषक तत्वों की कमी, हार्मोनल बदलाव या गंभीर बीमारियों की ओर भी इशारा कर सकती हैं। खासकर तब, जब ये लकीरें गहरी हों, दर्द दें या नाखूनों का रंग असामान्य हो जाए।

ऐसे में जरूरी है कि नाखूनों के इन संकेतों को नजरअंदाज न किया जाए। आइए जानें कि नाखूनों पर बनने वाली इन रहस्यमयी रेखाओं के क्या-क्या कारण हो सकते हैं और ये किन बीमारियों का संकेत देती हैं।

  1. उम्र बढ़ने का इशारा हैं हल्की सीधी रेखाएं

अगर आपके नाखूनों में हल्की-हल्की सीधी रेखाएं दिख रही हैं, तो घबराने की बात नहीं है। ये आमतौर पर उम्र बढ़ने का सामान्य लक्षण होता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, शरीर में पोषण की कमी और कोशिकाओं का क्षरण बढ़ता है, जिसका असर नाखूनों पर भी दिखता है।

  1. गहरी रेखाएं बनें तो सावधान हो जाएं


अगर नाखूनों की रेखाएं हल्की नहीं बल्कि गहरी होती जा रही हैं और साथ में नाखून कमजोर होकर टूटने भी लगे हैं, तो ये शरीर में किसी गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। जैसे लाइकेन प्लेनस (एक ऑटोइम्यून बीमारी), एक्जिमा या फिर हाइपोथायरायडिज्म जैसी समस्याएं।

  1. सफेद लकीरें

अगर आपके नाखूनों पर पतली सफेद लाइनें आ रही हैं, तो इसे मेडिकल भाषा में ल्यूकोनीचिया स्ट्रिएटा कहा जाता है। ये सूक्ष्म चोट (माइक्रोट्रॉमा), फंगल संक्रमण या कुछ वंशानुगत बीमारियों की वजह से भी हो सकता है। अगर ये रेखाएं धीरे-धीरे बढ़ती जा रही हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना ज़रूरी है।

  1. काली-भूरी लकीरें

नाखूनों पर दिखाई देने वाली काली या भूरी रेखाएं मेलानोनीचिया का संकेत हो सकती हैं। ये पिगमेंट बढ़ने, किसी दवा, संक्रमण या चोट की वजह से हो सकता है। लेकिन अगर रेखा स्थायी हो रही है या फैल रही है, तो ये त्वचा कैंसर का लक्षण भी हो सकता है।

  1. पोषण की कमी से भी आती हैं काली रेखाएं

कई बार काली रेखाएं शरीर में विटामिन C, जिंक या अन्य जरूरी पोषक तत्वों की कमी के कारण भी बनती हैं। ऐसे में खानपान सुधारना और विटामिन्स से भरपूर चीजें जैसे फल, हरी सब्जियां और नट्स को डाइट में शामिल करना मददगार हो सकता है।

  1. जब सफेद बैंड बनें

अगर नाखूनों पर सफेद रंग की मोटी लाइन या बैंड बन रहा है, जिसे मीस लाइन्स कहा जाता है, तो इसे हल्के में न लें। ये संकेत दे सकता है आर्सेनिक विषाक्तता, किडनी फेलियर या शरीर में भारी धातुओं की अधिकता का। तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

  1. दर्द या खून निकलना? तुरंत कराएं जांच

अगर नाखून की रेखाओं से खून निकल रहा है या उनमें दर्द हो रहा है, तो ये किसी गंभीर आंतरिक समस्या का लक्षण हो सकता है। इसे नजरअंदाज करना आपके लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

Diabetes: सुबह खाली पेट खाएं ये 5 चीजें, डायबिटीज और बीपी पर मिलेगा जबरदस्त कंट्रोल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।