Unhealthy Diet: भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (Indian Council of Medical Research -ICMR) की एक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 56.4 फीसदी बीमारियों का कारण अनहेल्दी डाइट का सेवन हैं। ICMR ने 17 डाइटरी गाइडलाइंस जारी की है। ICMR के तहत काम करने वाली नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (National Institute of Nutrition -NIN) का कहना है कि हेल्दी डाइट और फिजिकल एक्टिविटी के जरिए कोरोनरी हार्ट डिजीज और हाइपरटेंशन से बचा जा सकता है। NIN का कहना है कि अगर डाइट को बेहतर रखा जाए तो टाइप 2 डायबिटीज के खतरे को 80 फीसदी तक कम किया जा सकता है।
NIN की इस गाइडलाइंस में कई अहम बातों का जिक्र किया गया है। NIN के मुताबिक पोषक तत्वों से भरपूर डाइट लेने से हार्ट संबधित बीमारियों और हाई ब्लड प्रेशर को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
NIN ने सिफारिश की है कि भारत के लोगों को अपनी चीनी की खपत को रोजाना 20-25 ग्राम (लगभग एक चम्मच के बराबर) तक सीमित रखना चाहिए। NIN ने भारतीयों को प्रोटीन सप्लीमेंट से बचने का भी सुझाव दिया है। इसमें कहा गया है कि नियमित रूप से प्रोटीन पाउडर का सेवन करना सही नहीं है। प्रोटीन पाउडर में अतिरिक्त चीनी, गैर कैलोरी स्वीटनर, और कई कृत्रिम चीजें शामिल हो सकती हैं। इसके नियमित सेवन की सलाह नहीं दी जाती है। इससे कई रोगों का जोखिम बढ़ सकता है। कम शुगर और अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनाकर रखने के लिए कहा गया है। वहीं ज्यादा से ज्यादा खुद को फिजिकली एक्टिव करें। हेल्दी लाइफस्टाइल के जरिए हम मोटापा से बच सकते हैं।
NIN के मुताबिक रोजाना डाइट में 396 ग्राम छोटे अनाज, 28 ग्राम दालें, 82 ग्राम दूध और दुग्ध उत्पाद, 49 ग्राम सब्जियां और 14 ग्राम तेल/घी शामिल होना चाहिए। अगर इस डाइट को फॉलो करते हैं तो बीमारियों से बचाव करने मे मदद मिलती है। खानपान में बदलाव समय की मांग है।