घुटनों की सेहत पर भारी पड़ सकती हैं आपकी ये 6 लापरवाहियां, 30 के बाद न करें नजरअंदाज

Knee Damage: 30 की उम्र में ही घुटनों में दर्द, चलने-फिरने में दिक्कत और अकड़न? पहले जो समस्या बुजुर्गों में देखी जाती थी, अब युवा भी इसके शिकार हो रहे हैं। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? कहीं आपकी रोजमर्रा की कुछ आदतें तो घुटनों को धीरे-धीरे नुकसान नहीं पहुंचा रहीं? जानिए इसकी असली वजह और समाधान

अपडेटेड Jul 15, 2025 पर 8:34 AM
Story continues below Advertisement
Knee Damage: एक्टिव लाइफस्टाइल न होना भी Knee Problems की एक बड़ी वजह है।

घुटनों में दर्द अब उम्र नहीं देखता। पहले यह परेशानी 50 की उम्र के बाद दिखाई देती थी, लेकिन अब 30-35 साल के युवा भी घुटनों से जुड़ी तकलीफों का सामना कर रहे हैं। लगातार बैठकर काम करना, बढ़ता वजन, पोषण की कमी और फिजिकल एक्टिविटी में गिरावट इसके पीछे की बड़ी वजहें हैं। सीढ़ियां चढ़ते वक्त खिंचाव महसूस होना, ज्यादा देर बैठने के बाद अकड़न आना या थोड़ी देर टहलने पर ही घुटनों में दर्द उठना – ये संकेत बताते हैं कि अब सावधान होने का वक्त आ गया है। हमारी कुछ रोजमर्रा की गलत आदतें, जैसे खराब पोस्चर, गलत डाइट और अनहेल्दी रूटीन धीरे-धीरे घुटनों की सेहत को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

अगर समय रहते जरूरी कदम उठाए जाएं, तो ना सिर्फ इस समस्या से बचा जा सकता है, बल्कि घुटनों को लंबे समय तक मजबूत और एक्टिव भी रखा जा सकता है।

ऑफिस वर्क कल्चर बना बड़ा कारण


आज के समय में युवाओं की एक बड़ी संख्या ऑफिस में 8 से 10 घंटे लगातार कुर्सी पर बैठकर काम करती है। बिना ब्रेक के लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठना और गलत पोस्चर से बैठना घुटनों के जोड़ों पर दबाव डालता है। इससे कार्टिलेज घिसने लगता है और घुटनों में सूजन या अकड़न आ सकती है।

मोटापा

जब शरीर का वजन जरूरत से ज्यादा होता है, तो घुटनों को हर कदम पर अतिरिक्त भार उठाना पड़ता है। इससे न केवल जोड़ों का घिसाव होता है, बल्कि ऑस्टियोआर्थराइटिस का खतरा भी बढ़ जाता है। युवा वर्ग में बढ़ती मोटापे की समस्या घुटनों की सेहत के लिए खतरे की घंटी है।

पोषक तत्वों की कमी

आज की फास्ट फूड बेस्ड डाइट में अक्सर कैल्शियम, विटामिन D और प्रोटीन की कमी देखने को मिलती है। ये सभी तत्व हड्डियों की मजबूती के लिए जरूरी हैं। इनकी कमी से हड्डियां और जोड़ों की पकड़ कमजोर हो जाती है, जिससे घुटनों में बार-बार दर्द बना रहता है।

एक्सरसाइज की कमी या गलत तरीका

एक्टिव लाइफस्टाइल न होना भी Knee Problems की एक बड़ी वजह है। एक्सरसाइज करने से जोड़ों की गति बनी रहती है, लेकिन जब हम बिल्कुल एक्टिव नहीं रहते या एक्सरसाइज गलत तरीके से करते हैं, तो मांसपेशियां कमजोर पड़ने लगती हैं और घुटनों पर दबाव बढ़ जाता है।

फुटवियर का गलत चुनाव

हाई हील्स या सपोर्टिव न होने वाले जूते लंबे समय तक पहनना भी घुटनों पर असर डालता है। ये जूते घुटनों की नैचुरल पोजिशन को बिगाड़ देते हैं, जिससे चलने में दर्द, सूजन और थकान महसूस होती है।

पानी कम पीना भी है खतरे की घंटी

जोड़ों को लचीला और मजबूत बनाए रखने के लिए पर्याप्त हाइड्रेशन जरूरी है। पानी की कमी से जोड़ों में लुब्रिकेशन कम हो जाता है, जिससे घुटनों में घर्षण और दर्द होने लगता है।

कैसे रखें घुटनों को हेल्दी?

  1. वजन करें कंट्रोल

अगर आपका वजन तय सीमा से ज्यादा है, तो उसे कंट्रोल में लाना सबसे पहला कदम होना चाहिए। इसके लिए डेली वॉक, हल्की एक्सरसाइज और हेल्दी डाइट बेहद जरूरी है।

  1. रोजाना करें हल्की-फुल्की एक्सरसाइज

साइकलिंग, वॉकिंग और योगा जैसी एक्टिविटीज घुटनों के लिए बेस्ट मानी जाती हैं। इनके अलावा स्क्वैट्स और लेग स्ट्रेचिंग से भी घुटनों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं।

  1. डाइट में शामिल करें जरूरी न्यूट्रिएंट्स

दूध, दही, अंडे, मछली, बादाम, अखरोट जैसे खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। ये कैल्शियम, विटामिन डी और ओमेगा-3 से भरपूर होते हैं जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं।

  1. सही जूते पहनें

हाई हील्स को रोज पहनने से बचें और ऐसे फुटवियर का चुनाव करें जो आरामदायक और सपोर्टिव हों। इससे चलने में संतुलन बना रहता है और घुटनों पर कम दबाव पड़ता है।

  1. लंबे समय तक एक जगह न बैठें

हर 30-40 मिनट में कुर्सी से उठकर थोड़ा टहलें या स्ट्रेचिंग करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन ठीक रहता है और जोड़ों पर दबाव कम होता है।

  1. घुटनों की करें हल्की मसाज

सरसों या नारियल के तेल से हल्के हाथों से घुटनों की मसाज करने से जोड़ों की जकड़न दूर होती है और ब्लड फ्लो बेहतर होता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

Diabetes: डायबिटीज में वरदान बन सकता है भुट्टा, जानिए इसके जबरदस्त फायदे

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।