जब भी सेहतमंद खाने की बात होती है, तो ड्राई फ्रूट्स का ज़िक्र सबसे पहले आता है। काजू, बादाम, किशमिश और अखरोट जैसे मेवे आमतौर पर हर किसी की डाइट में शामिल होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसा ड्राई फ्रूट भी है जो बाकी मेवों की तरह लोकप्रिय तो नहीं, लेकिन स्वास्थ्य लाभों के मामले में किसी सुपरफूड से कम नहीं? हम बात कर रहे हैं चिलगोजा की। चिलगोजा यानी पाइन नट्स, दिखने में छोटा जरूर होता है, लेकिन इसके फायदे बेहद बड़े हैं। इसमें विटामिन E, फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को संपूर्ण पोषण देने में मदद करते हैं।
दिल की सेहत से लेकर वजन घटाने तक, चिलगोजा कई तरह से लाभकारी है। यह उन लोगों के लिए खास है जो सेहत को लेकर जागरूक हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं।
आज के समय में मोटापा एक आम लेकिन गंभीर समस्या बन चुका है। ऐसे में चिलगोजा एक हेल्दी विकल्प हो सकता है। इसमें मौजूद प्रोटीन और फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करते हैं, जिससे ओवरईटिंग से बचा जा सकता है। इसका नियमित सेवन मेटाबॉलिज्म को भी बेहतर करता है।
चिलगोजा में प्राकृतिक एंटी-डायबिटिक गुण पाए जाते हैं। ये शरीर में इंसुलिन की मात्रा को बैलेंस करने में सहायक होता है। डायबिटीज के मरीज अगर इसे नियंत्रित मात्रा में अपनी डाइट में शामिल करें, तो ब्लड शुगर लेवल को काबू में रखने में मदद मिल सकती है।
चिलगोजा में मौजूद मोनोअनसैचुरेटेड फैट हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। ये खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम कर अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है।
कैसे करें चिलगोजा का सेवन?
छीलकर खाएं: इसे चाकू से नहीं बल्कि हाथों से साफ करके खाएं ताकि इसके पोषक तत्व बरकरार रहें।
भूनकर खाएं: हल्का भूनकर स्वाद के साथ इसका लाभ भी उठाया जा सकता है।
सब्जी में डालें: कुछ लोग इसे अपनी डाइट में सब्जी या पुलाव में मिलाकर भी लेते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।