बढ़ती उम्र के साथ पुरुषों को आमतौर पर यूरिन से जुड़ी समस्याएं होने लगती हैं। कई बार यह एक आम समस्या हो सकती है। लेकिन यह लंबे समय तक बनी रहे या पेशाब की धार कमजोर पड़ जाए तो फिर इसे हल्के में न लें। यह सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। मेडिकल एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि यह प्रोस्टेट कैंसर का शुरुआती लक्षण भी हो सकते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि 50 की उम्र के बाद हर पुरुष को प्रोस्टेट से जुड़ी जांच करानी चाहिए ताकि किसी भी बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सके।
दरअसल, कैंसर के लक्षण शुरुआत में दिखाई नहीं देते हैं। यह धीरे-धीरे शरीर में फैलते और बढ़ते रहते हैं। ठीक इसी तरह प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित लोगों को भी ध्यान देने योग्य संकेत नहीं मिलते हैं। जब ट्यूमर बढ़ता है, तभी उनमें प्रोस्टेट कैंसर के लक्षण दिखाई देते हैं। हालांकि अगर आप सतर्क हैं और अपने स्वास्थ्य को लेकर गंभीर रहते हैं, तो शुरुआती चरण में लक्षणों में इसकी पहचान कर सकते हैं।
जानिए प्रोस्टेट कैंसर क्या है?
बता दें कि पुरुषों में मूत्राशय के ठीक नीचे अखरोट के आकार की एक छोटी ग्रंथि होती है। जिसे प्रोस्टेट ग्रंथि कहा जाता है। इसका मुख्य काम वीर्य पैदा करना है। इसमें शुक्राणु होते हैं। यह पेशाब और शुक्राणु के प्रवाह को कंट्रोल करता है। उम्र बढ़ने के साथ यह ग्रंथि बढ़ने लगती है। इससे पेशाब करने में कठिनाई होती है। कई बार इसमें कैंसर हो जाता है। जिसे प्रोस्टेट कैंसर (Prostate cancer) कहा जाता है। ऐसा माना जाता है कि दुनिया भर में हर सात में से एक पुरुष इस कैंसर से प्रभावित होता है। यह पुरुषों में दूसरा सबसे अधिक बार होने वाला कैंसर है। इस कैंसर के लक्षण आमतौर पर पुरुषों में 40 की उम्र के बाद ही दिखते हैं। 40 के बाद जैसे-जैसे पुरुषों की उम्र बढ़ने लगती है। उनमें प्रोस्टेट कैंसर का खतरा भी बढ़ने लगता है।
बार-बार पेशाब आना, विशेष रूप से रात में, पेशाब करने में कठिनाई, कमजोर या रुका हुआ पेशाब, और पेशाब के दौरान जलन या दर्द प्रोस्टेट कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। इसके साथ ही यूरिन या वीर्य में ब्लड आना भी इसके लक्षणों में शामिल है। पीठ के निचले हिस्से में लगातार दर्द बना रह सकता है। यूरोलॉजिस्ट का कहना है कि अगर इस तरह के लक्षण नजर आए तो जरूर जांच कराना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।