Dinga Dinga Mysterious Disease: देश और दुनिया में कोविड-19 महामारी के बाद से कई अजीबोगरीब बीमारियां और वायरस फैल रहे हैं। ऐसी ही एक विचित्र बीमारी अफ्रीका के युगांडा (Uganda) में सामने आई है, जिसे ‘डिंगा डिंगा’ कहा जा रहा है। यह बीमारी मुख्यतः युगांडा के बुंदीबुग्यो जिले की महिलाओं और लड़कियों को प्रभावित कर रही है। इस बीमारी के लक्षणों के कारण पीड़ित व्यक्ति के शरीर में कंपन होता है, और वे अनियंत्रित रूप से हिलने लगते हैं, मानो महिलाएं डांस कर रही हों।
इस बीमारी का फैलाव अब भी एक रहस्य बना हुआ है, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सचेत रहने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस समस्या का समाधान खोजने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।
क्या है युगांडा में फैली डिंगा डिंगा बीमारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिंगा डिंगा बीमारी पहली बार युगांडा के बुंदीबुग्यो जिले में सामने आई है। वैज्ञानिक और चिकित्सा विशेषज्ञ इस बीमारी के कारणों को समझने में लगे हुए हैं। डिंगा डिंगा बीमारी से परेशान लोगों में विचित्र लक्षण नजर आ रहे हैं। इसके प्रभावित लोगों में शरीर को अत्यधिक हिलाना, तेज बुखार, कमजोरी, और गंभीर मामलों में लकवा जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं। यह बीमारी इतना गंभीर हो रही है कि यह पीड़ितों को चलने में भी कठिनाई पैदा करती है। अफ्रीका में इस बीमारी के फैलने का कारण अभी पता नहीं चला है। जहां-जहां पर यह बीमारी फैली है वहां के लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है।
डिंगा डिंगा बीमारी का अब तक कोई निश्चित इलाज नहीं मिला है। डॉक्टरों का कहना है कि वे इस बीमारी के लक्षणों पर नजर रखकर दवाइयाँ दे रहे हैं, जिसमें मुख्य रूप से एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग किया जा रहा है। अब तक, बुंदीबुग्यो जिले में इस बीमारी के 300 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, लेकिन इससे कोई मृत्यु की सूचना नहीं है। पहली बार 2023 में इस बीमारी के सामने आने के बाद, डॉक्टर इसके अध्ययन के लिए सैंपल लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय को भेज रहे हैं।
डिस्क्लेमर – यहां दी गई जानकारी सामान्य जानकारी पर आधारित है। अधिक जानकारी के लिए एक्पर्ट्स से जरूर सलाह लें।