24 जून 2011
वार्ता
रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी जल्द ‘लेफ्टिनेंट कर्नल’ बनेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने धोनी को प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक देने की अनुशंसा रक्षा मंत्रालय से की है।
फेसबुक खाताधारी वनमानुष ने धोनी को निमंत्रण भेजा!
धोनी को लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से नवाजे जाने के लिये रक्षा मंत्रालय ने झारखंड सरकार को पत्र लिखा था और इसी संदर्भ में मुंडा ने कल इसकी अनुशंसा की थी। पत्र में कहा गया था कि अगर झारखंड सरकार को कोई आपत्ति नहीं हो तो धोनी को यह सम्मान रक्षा मंत्रालय से दिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री मुंडा ने इस पर अपनी सहमति दे दी है और अब जल्द ही धोनी को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद रैंक मिलेगा।
विश्वविजेता कप्तान धोनी ने किसे गोद लिया?
उल्लेखनीय है कि विश्व कप जीतने के बाद धोनी ने थल सेना अध्यक्ष जनरल बी.के सिंह से मुलाकात की थी और उस दौरान जनरल सिंह ने धोनी के समक्ष प्रादेशिक सेना में मानद पद ग्रहण करने का प्रस्ताव रखा था तथा धोनी ने इसे स्वीकार कर लिया था।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को 24 सितम्बर 2008 को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद पद दिया गया था जबकि सितम्बर 2010 में सचिन तेंदुलकर को भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन का मानद पद मिला था।
