कोरोना वायरस (Covid-19) की तीसरी लहर बुजर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित कर रही है। खासकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना बुजुर्गों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। दिल्ली सरकार द्वारा जारी कोविड -19 मौतों पर एक ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, पिछले पांच दिनों में 46 मौतें हुई हैं, जिनमें से 25 लोग 60 वर्ष से अधिक उम्र के हैं।
रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में 5 से 9 जनवरी तक कोविड-19 के 46 मरीजों की मौत हुई है जिनमें 34 को कैंसर, हृदय और लिवर रोग जैसे रोग थे। सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, उन 46 में से 11 को कोरोना वायरस वैक्सीन लगा हुआ था। आंकड़ों के अनुसार, 46 में से 25 मरीज 60 साल से अधिक उम्र के थे तथा 14 की उम्र 41 औ 60 के बीच थी।
वहीं, 5 मरीज 21-40 साल उम्रवर्ग के थे। जान गंवाने वाले एक मरीज की उम्र 15 साल तक और 16-20 साल के उम्रवर्ग में थी। एक अधिकारी के मुताबिक 32 मरीज आईसीयू में भर्ती कराए गए थे और वे ज्यादातर वैसे लोग थे जिन्हें सांस की गंभीर बीमारी, कैंसर, हृदयरोग आदि जैसी अन्य बीमारियां थीं।
आंकड़ों के अनुसार 21 ऐसे मरीज थे जिन्हें अन्य स्वास्थ्य समस्याएं थीं और भर्ती कराने के बाद जांच में कोविड संक्रमित पाए गए। वहीं, 37 मरीज ऑक्सीजन लेवल 94 फीसद के नीचे जाने के बाद अस्ताल ले जाए गए थे। रविवार को दिल्ली में कोविड से 17 लोगों की जान गई जो पिछले साल 13 जून के बाद से एकदिन में सर्वाधिक मौत है। राष्ट्रीय राजधानी में इस महीने अबतक कोविड-19 के 53 मरीजों की मौत हो गई है।