ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट Amazon पर प्राइवेसी के उल्लंघन का एक मामला सामने आया है, जहां एक सेलर ने लेमिनेशन पाउच (Lamination Pouch) बेचने के लिए 6 साल के बच्चे के असली आधार कार्ड (Aadhar Card) की एक तस्वीर अपलोड की हुई थी। चौंकाने वाले बात यह है कि Amazon India ने इसे अपनी वेबसाइट पर पब्लिश भी होने दिया।
आधार कार्ड की तस्वीर में उसे बच्चे की जन्म तिथि, पिता का नाम, पता और दूसरी पर्सनल डिटेल के साथ आधार नंबर साफ-साफ दिख रहा है। News18 Tech ने “myaadhaar.uidai.gov.in” वेबसाइट पर आधार नंबर की जांच की और पाया कि यह एक सही आधार कार्ड है।
हाल ही में, UIDAI ने सलाह दी कि "आधार कार्ड का इस्तेमाल पहचान साबित करने और लेनदेन करने के लिए स्वतंत्र रूप से किया जाना चाहिए, लेकिन इसे ट्विटर, फेसबुक आदि जैसे सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर नहीं डाला जाना चाहिए।"
इस मामले में, आधार कार्ड की तस्वीर को थर्ड पार्टी की तरफ से एक्सेस किया गया था और Amazon वेबसाइट पर एक सेलर की तरफ से प्रोडक्ट बेचने के लिए पोस्ट किया गया था।
Amazon पर अपलोड की गई 6 साल के बच्चे के असली आधार कार्ड की फोटो
इससे पहले भी UIDAI ने वेबसाइटों और मीडिया चैनलों को स्टोरी और वीडियो में आधार कार्ड की तस्वीरों को शेयर करने से परहेज करने की सलाह दी थी। इसने साफ निर्देश दिए थे कि आधार कार्ड में पर्सनल डिटेल ब्लर यानी धुंधली होनी चाहिए।
हाल ही में, UIDAI ने नागरिकों को ई-आधार डाउनलोड करने के लिए इंटरनेट कैफे/कियोस्क में पब्लिक कंप्यूटर का इस्तेमाल करने से बचने की चेतावनी दी। इसने कहा, "हालांकि, अगर आप ऐसा करते हैं, तो ई-आधार की सभी डाउनलोड की गई कॉपी को डिलीट करने की सलाह दी जाती है।"