Get App

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा ऐलान, बताया जम्मू-कश्मीर से कब हटाया जाएगा AFSPA

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के बड़े हिस्से से सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (AFSPA) हटा लिया गया है और उन्हें उस दिन का इंतजार है जब जम्मू-कश्मीर में भी स्थायी शांति हो और यहां से भी इस कानून को हटाया जा सके। रक्षा मंत्री सोमवार को एक दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे

Akhileshअपडेटेड Jun 26, 2023 पर 7:23 PM
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा ऐलान, बताया जम्मू-कश्मीर से कब हटाया जाएगा AFSPA
रक्षा मंत्री सोमवार को एक दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने सोमवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के बड़े हिस्से से सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (AFSPA) हटा लिया गया है और उन्हें उस दिन का इंतजार है जब जम्मू-कश्मीर में भी स्थायी शांति हो और यहां से भी इस कानून को हटाया जा सके। बता दें कि AFSPA सेना को गिरफ्तारी, गोली चलाने और आतंकवाद विरोधी अभियानों में संपत्ति पर कब्जा करने या नष्ट करने का अधिकार देता है। रक्षा मंत्री सोमवार को एक दिन के दौरे पर केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित किया और बाद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कुछ वरिष्ठ नेताओं के साथ जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक हालात की समीक्षा की।

सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि भारत ने आतंकवाद के मुद्दे पर अमेरिका समेत पूरी दुनिया की सोच बदल दी है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर पूर्व के बड़े हिस्से से अफस्पा हटा लिया गया है। मैं उस दिन का इंतजार कर रहा हूं जब जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति आएगी और यहां से भी अफस्पा हटा लिया जाएगा। सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर ने लंबे समय तक आतंकवाद का दंश झेला है और यहां के लोग जानते हैं कि आतंकवाद का जहर समाज को कैसे खोखला बनाता है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दशकों से आतंकवाद का नेटवर्क संचालित हो रहा था। सिंह ने कहा कि आज इस नेटवर्क को काफी हद तक कमजोर करके इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गयी है। हमने आतंकवादियों को मार गिराने के साथ आतंकवाद का वित्तपोषण बंद किया है, हथियारों तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति रोकी है। भूमिगत आतंकियों के नेटवर्क को तबाह करने का काम जारी है जो यहां काम करते हैं।

अगस्त 2019 में आर्टिकल 370 के अनेक प्रावधान समाप्त किए जाने का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की आम जनता को लंबे समय तक मुख्य धारा से अलग रखा गया था। वहीं राष्ट्र-विरोधी ताकतों के खिलाफ कार्रवाई में भी ये प्रावधान रोड़ा बनते थे।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें