Delhi Air Pollution: दिल्ली में कल से प्राइमरी स्कूल बंद, ऑड-ईवन हो सकता है लागू, केजरीवाल ने किया ऐलान

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति में सुधार होने तक सभी प्राइमरी स्कूल कल से बंद रहेंगे। गंभीर वायु प्रदूषण के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने AAP सरकार से राजधानी में सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश देने की मांग की थी

अपडेटेड Nov 04, 2022 पर 12:12 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Air Pollution: बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कल यानी शनिवार से सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है

Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (DELHI AQI) की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक स्तर को पार कर चुका है। इस बीच, बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार (Delhi Govt) ने कल यानी शनिवार 5 नवंबर से सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसका ऐलान किया। इस दौरान केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) भी मौजूद थे।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति में सुधार होने तक सभी प्राइमरी स्कूल कल से बंद रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में ऑड-ईवन को फिर से लागू करने पर विचार कर रहे हैं। दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

उन्होंने कहा कि केवल दिल्ली और पंजाब की राज्य सरकारें प्रदूषण के लिए जिम्मेदार नहीं हैं। यह पूरे उत्तर भारत की समस्या है। इसके लिए केंद्र सरकार को आगे आना चाहिए। यह समय एक-दूसरे को गाली देने, राजनीति करने का नहीं है।


दिल्ली सरकार की अहम बैठक आज

ऑड-ईवन सिस्टम के अलावा दिल्ली सरकार आज होने वाली बैठक में 50 फीसदी के साथ सरकारी दफ्तरों में काम यानी वर्क फ्रॉम होम का फैसला भी ले सकती है। वहीं, प्राइवेट दफ्तरों से भी कम से कम लोगों को ऑफिस बुलाने पर विचार को कहा जा सकता है।

ये भी पढ़ें- Noida School News: नोएडा के स्कूलों में 8 नवंबर तक चलेगी ऑनलाइन क्लास, आज ये रहा नोएडा का पॉल्युशन लेवल

इसके अलावा राजधानी के स्कूल और कॉलेजों में अनिवार्य ऑनलाइन क्लासेज को मंजूरी भी दी जा सकती है। राष्ट्रीय राजधानी में गंभीर वायु प्रदूषण के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार से दिल्ली में सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश देने की मांग की है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा के स्कूलों में 8 नवंबर तक ऑनलाइन होगी पढ़ाई

राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिला स्थित नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों में आठवीं कक्षाओं तक के छात्रों के लिए अगले मंगलवार तक ऑनलाइन पढ़ाई होगी। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।

गौतमबुद्ध नगर जिला स्कूल निरीक्षक (डीआईओएस) धर्मवीर सिंह द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, स्कूलों से कहा गया है कि अगर संभव हो तो नौंवी से 12वीं कक्षाओं की पढ़ाई भी ऑनलाइन कराई जाए। आदेश में बाहरी गतिविधियों जैसे खेल और प्रार्थना सभा पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।