देशभर में कोरोनावायरस (Coronavirus) की दूसरी लहर में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई कड़े प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं, लेकिन कई जगहों पर इनका पालन नहीं किया जा रहा है। इसी कड़ी में अधिकारियों ने कहा कि बुधवार को असम (Assam) के सिलचर हवाई अड्डे (Silchar Airport) पर उतरने वाले लगभग 300 हवाई यात्रियों ने अनिवार्य रूप से Covid-19 टेस्ट नहीं कराया और परीक्षण केंद्र से भाग गए।

कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण असम सरकार के नए नियमों के अनुसार, आने वाले सभी हवाई यात्रियों को रैपिड एंटीजन टेस्ट (RAT) और RT-PCR टेस्ट से गुजरना है। चूंकि सिल्चर हवाई अड्डा छोटा है, इसलिए यहां पहुंचने वाले यात्रियों का पास में स्थित टिकोल मॉडल अस्पताल में टेस्ट किया जाता है।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, कछार जिले के ADC, हेल्थ, सुमित सतावण ने कहा, "बुधवार को सिलचर में 690 लोग उतरे। कुछ को छूट दी गई थी, क्योंकि वे दूसरे पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों थे। यहां कुल 189 का टेस्ट हुआ, जिसमें से 6 पॉजिटिव निकले।"

अधिकारी ने कहा कि लगभग 300 लोग ऐसे ही चले गए और उन्होंने टेस्ट नहीं कराया। वे कैसे भागे और उनसे जुड़ी सभी जानकारियों का पता लगाया जा रहा है। हम अभी जांच कर रहे हैं कि वास्तव में क्या हुआ था। उन्होंने कहा कि इन सभी यात्रियों का पता लगाया जाएगा।

एक दूसरे अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "यात्री टेस्ट नहीं कराना चाहते थे, इसलिए उन्होंने सहयोग नहीं किया।" अधिकारी ने कहा, "वे सचमुच केंद्र से भाग गए।"

एडीसी सतावण ने कहा कि यात्रियों को प्रशासन द्वारा प्रदान की गई बसों से हवाई अड्डे से केंद्र पर ले जाया जाता है। उन्होंने कहा, "इसके अलावा यात्री अपनी गाड़ी और ड्राइवर की जानकारी दे कर भी अपने खुद के वाहन में भी सेंटर पर जा सकते हैं।"

उन्होंने कहा कि पुलिस फिलहाल भाग निकले यात्रियों का पता लगा रही है, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

वहीं कछार जिले में संक्रमण के 48 नए केस मिले हैं, जबकि पूरे असम में बुधवार को 1,665 नए मामले आए और राज्य की सकारात्मकता दर 2.68 प्रतिशत थी। राज्य में वर्तमान में 9,048 एक्टिव केस हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।