JEE Main Scam 2021: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE Main Exam 2021) मेन्स 2021 में कथित हेरफेर के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी एफिनिटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड और उसके तीन डायरेक्टों- सिद्धार्थ कृष्णा, विश्वंभर मणि त्रिपाठी और गोविंद वार्ष्णेय के अलावा अन्य दलालों और सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज किए जाने के बाद हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में सिद्धार्थ कृष्णा (Siddharth Krishna) भी शामिल हैं। इससे पहले CBI ने जेईई मेन्स परीक्षा में निजी संस्थान एफिनिटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों द्वारा कथित हेरफेर को लेकर 19 स्थानों पर गुरुवार को छापेमारी की थी।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस संबंध में बुधवार को मामला दर्ज किया था और गुरुवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद छापेमारी की। प्रतिष्ठित जेईई (मेन्स) परीक्षा आईआईटी और एनआईटी में दाखिले के लिए बहुत अहम होती है।

JEE Main Scam: फर्जी तरीके से 15 लाख रुपए में एंट्रेंस एग्जाम पास कराने का भंडाफोड़, CBI ने सात लोगों को पकड़ा

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई के दलों ने दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, पुणे, जमशेदपुर, इंदौर और बेंगलुरु में 19 स्थानों पर छापे मारे। एफिनिटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड और उसके तीन निदेशकों सिद्धार्थ कृष्णा, विश्वंभर मणि त्रिपाठी और गोविंद वार्ष्णेय के अलावा अन्य दलालों और सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद एजेंसी ने यह कार्रवाई की।

आरोप लगाया गया है कि निदेशकों ने अन्य सहयोगियों और दलालों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोप के अनुसार, वे जेईई मेन्स की ऑनलाइन परीक्षा में हेरफेर कर रहे थे और उन्हें मिली बड़ी रकम के अनुसार सोनीपत (हरियाणा) में एक चुने हुए परीक्षा सेंटर से पहुंच के माध्यम से आवेदकों के प्रश्न पत्रों को हल करके इच्छुक छात्रों को शीर्ष एनआईटी संस्थानों में दाखिला लेने में मदद कर रहे थे।

यह भी आरोप लगाया गया था कि आरोपी इच्छुक छात्रों से सुरक्षा के रूप में 10वीं और 12वीं कक्षा की अंक तालिका, यूजर आईडी, पासवर्ड और बाद की दिनांक के चेक लेते थे, और एक बार प्रवेश हो जाने के बाद देशभर में हर उम्मीदवार से 12 से 15 लाख रुपए तक की भारी रकम वसूल करते थे।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।