Chirag Delhi Flyover: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की जनता को एक बार फिर से ट्रैफिक से जूझना पड़ेगा। राजधानी के आश्रम फ्लाईओवर शुरू होने के बाद अब चिराग दिल्ली फलाईओवर (Chirag Delhi Flyover) की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। चिराग दिल्ली फ्लाईओवर को आज (12 मार्च) से मरम्मत कार्यों के चलते अगले 50 दिनों तक बंद कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने फ्लाईओवर के हर लेन की मरम्मत को पूरा करने के लिए 25-25 दिन का प्लान तैयार किया है। इस दौरान फ्लाईओवर को यातायात के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के मरम्मत कार्य की ये पूरी प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होने की योजना है। पहले चरण में चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नेहरू प्लेस (Nehru Place) से IIT की ओर जाने वाले मार्ग (लेन) की मरम्मत की जाएगी। वहीं दूसरे चरण में IIT से नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले मार्ग (लेन) की मरम्मत की जाएगी। इस दौरान फ्लाईओवर का दूसरा लेन यातायात के लिए चालू कर दिया जाएगा।
इन रास्तों का करें इस्तेमाल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में कहा गया है कि धौला कुआं, एम्स, डिफेंस कॉलोनी आदि की ओर जाने वाले यात्री नेहरू प्लेस फ्लाईओवर के नीचे से दाएं मुड़कर, मूलचंद अस्पताल फ्लाईओवर होते हुए लाला लाजपत राय मार्ग से जाएं। IIT दिल्ली से ग्रेटर कैलाश और नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले यात्री यहां से आउटर रिंग रोड जाने के लिए फ्लाईओवर के नीचे से अगस्त क्रांति मार्ग और मूलचंद फ्लाईओवर के नीचे से लाला लाजपत राय मार्ग पर दाएं मुड़कर जा सकेंगे। इसी तरह दूसरा डायवर्जन पॉइंट IIT फ्लाईओवर पर मिलेगा।
इस पॉइंट से IIT से ग्रेटर कैलाश और नेहरू प्लेस की ओर जाने वाले यात्री फ्लाईओवर के नीचे से अरबिंदो मार्ग से बाईं ओर मुड़ेंगे। इसके बाद वह आउटर रिंग रोड से होते हुए मूलचंद फ्लाईओवर के नीचे से लाला लाजपत राय मार्ग पर दाहिनी ओर मुड़कर अपने जा सकेंगे।
रिंग रोड पर रोके जा सकते हैं भारी वाहन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में ये भी कहा है कि ट्रैफिक को स्मूथ फ्लो बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इसके लिए अगर जरूरत हुई तो चिराग दिल्ली फ्लाईओवर की ओर बाहरी रिंग रोड पर भारी और कमर्शियल वाहनों को रोका भी जा सकता है।