अगर आप किराना स्टोर चलाते हैं तो आपके लिए एक खुशखबरी है। दरअसल, ICICI बैंक किराना स्टोरों के लिए एक नई स्कीम लेकर आया है, जिससे उनके बिजनेस का विस्तार होगा। किराना दुकानों को ऑनलाइन स्टोर में बदलने के लिए ICICI बैंक ने डिजिटल स्टोर मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म (Digital Store Management platform) की शुरुआत की है। यह ऑफर रिटेल दुकानदारों के लिए है। इससे आपका किराना स्टोर एक नए ऑनलाइन स्टोर में बदल जाएगा। ऐसे करते ही उन्हें ऑनलाइन ऑर्डर्स मिलने शुरू हो जाएंगे।
इस ऑफर के जरिए किराना स्टोर वाले बिलिंग से लेकर पीओएस (PoS), क्यूआर कोड (QRCode) या पेमेंट लिंक्स (Payment Links) के जरिए मिलने वाले भुगतान तक सबकुछ मैनेज कर सकते हैं। ICICI की नई ऑफर के तहत आपका किराना स्टोर बहुत जल्द एक ऑनलाइन स्टोर बन सकता है। आप कुछ ही क्लिक में ग्राहकों से ऑनलाइन ऑर्डर प्राप्त करना शुरू कर सकते हैं। कोई भी व्यापारी डिजिटल स्टोर मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म के लिए अप्लाई कर सकता है।
1 करोड़ दुकानों को ऑनलाइन स्टोर में बदलने का लक्ष्य
ICICI ने इस नए प्लेटफॉर्म के जरिए 1 करोड़ किराना दुकानों को ऑनलाइन स्टोर में बदलने का लक्ष्य रखा है। बैंक के सेल्फ-एम्प्लॉयड सेगमेंट के हेड पंकज गाडगिल (Pankaj Gadgil) के मुताबिक, कोरोना वायरस संकट के दौर में ग्राहक रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने के लिए कॉन्टैक्टलेस, आसान और डिजिटल सॉल्यूशंस को तरजीह दे रहे हैं। ऐसे में इस तरह के प्लेटफॉर्म की बहुत ज्यादा जरूरत महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि हमारे नए प्लेटफॉर्म की मदद से दुकानदारों को बिना ज्यादा मशक्कत के अपनी किराना दुकान को मॉडर्न स्टोर में तब्दील करने में मदद मिलेगी।
ऐसे करें अप्लाई
बैंक द्वारा जारी बयान के मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म में तीन ऐप्लीकेशन दी गई हैं। इनमें eazystore mobile app दुकानदारों को 30 मिनट के अंदर अपनी दुकान को ऑनलाइन स्टोर में बदलने का ऑफर दे मिल रहा है। वहीं, eazybilling app के जरिए UPI या डेबिट-क्रेडिट कार्ड के जरिए किए गए पैमेंट का रिकॉर्ड रखता है। दुकानदार इस ऐप के जरिए इंवेंट्री और ऑर्डर को भी मैनेज कर सकते हैं। इसके अलावा eazybilling ऐप में सेल्स, प्रॉफिट, GST के अलावा कई तरह की रिपोर्ट तैयार करने का विकल्प भी मिलेगा। तीसरे eazysupply app के जरिए दुकानदार अपने थोक विक्रेता या डिस्ट्रीब्यूटर को ऑनलाइन ऑर्डर दे सकता है। इससे दुकानदार के समय की बचत होगी और साथ ही छोटे दुकानदारों को सप्लायर की तरफ से मिलने वाले कई तरह के प्रमोशन और डिस्काउंट का लाभ भी मिलेगा।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
