क्रिकेटर मोहम्मद शमी को कोर्ट से लगा बड़ा झटका, पत्नी हसीन जहां को हर महीने देने होंगे इतने रुपए

कोलकाता की एक कोर्ट ने भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) को उनकी अलग रह रही पत्नी हसीन जहां को 1 लाख 30 हजार रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया है। 1 लाख 30 हजार रुपये में से 50,000 रुपये हसीन जहां के लिए व्यक्तिगत गुजारा भत्ता होगा। जबकि शेष 80,000 रुपये उनकी बेटी के रखरखाव का खर्च होगा, जो उनके साथ रह रही है

अपडेटेड Jan 24, 2023 पर 2:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Mohammed Shami: 2018 में हसीन जहां ने मोहम्मद शमी से 10 लाख रुपये के मासिक गुजारा भत्ता की मांग करते हुए अदालत में एक मुकदमा दायर किया था

टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। कोलकाता की एक कोर्ट ने मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) को उनकी अलग रह रही पत्नी हसीन जहां (Hasin Jahan) को 1 लाख 30 हजार रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया है। 1 लाख 30 हजार रुपये में से 50,000 रुपये हसीन जहां के लिए व्यक्तिगत गुजारा भत्ता होगा। जबकि शेष 80,000 रुपये उनकी बेटी के रखरखाव का खर्च होगा, जो उनके साथ रह रही है। जहां ने चार साल पहले दाएं हाथ के तेज गेंदबाज पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।

10 लाख रुपये की थी मांग

बता दें कि 2018 में हसीन जहां ने मोहम्मद शमी से 10 लाख रुपये के मासिक गुजारा भत्ता की मांग करते हुए अदालत में एक मुकदमा दायर किया था। उन्होंने कहा था कि इसमें से 7,00,000 रुपये उनका व्यक्तिगत गुजारा भत्ता होगा और शेष 3,00,000 रुपये उनकी बेटी के रखरखाव में खर्च होंगे।


उनकी वकील मृगांका मिस्त्री ने अदालत को सूचित किया था कि वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए भारतीय तेज गेंदबाज के आयकर रिटर्न के अनुसार, उस वित्त वर्ष के लिए उनकी वार्षिक आय 7 करोड़ रुपये से अधिक थी। उन्होंने आयकर रिटर्न के आधार पर मासिक आय की मांग की। वकील ने कहा कि 10 लाख रुपये का गुजारा भत्ता अनुचित नहीं था।

हालांकि, समाचार एजेंसी आईएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक शमी के वकील सेलिम रहमान ने दावा किया कि चूंकि हसीन जहां खुद एक पेशेवर फैशन मॉडल के रूप में काम करके एक स्थिर आय स्रोत बना रही थीं। इसलिए उस उच्च गुजारा भत्ता की मांग उचित नहीं थी।

कोर्ट ने 1.30 लाख रुपये गुजारा भत्ता देने का दिया आदेश

आखिरकार निचली अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद सोमवार को मासिक गुजारा भत्ता की राशि 1.30 लाख रुपये तय कर दी। हालांकि, अदालत के निर्देश पर आभार व्यक्त करते हुए, हसीन जहां ने दावा किया कि मासिक गुजारा भत्ता की राशि अधिक होने पर उन्हें राहत मिली होती। रिपोर्ट दर्ज किए जाने तक इस गिनती पर भारतीय तेज गेंदबाज की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

पिछले साल सितंबर में एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की जीत के बाद, हसीन जहां ने सोशल मीडिया में हार्दिक पांड्या की एक तस्वीर शेयर की, जिसने भारत को छक्के के साथ जीत दिलाई थी। अपने पोस्ट में उन्होंने शमी पर हमला किया था।

ये भी पढ़ें- Pakistan Power Outage: पाकिस्तान में ब्लैकआउट के बाद अब बहाल हुई बिजली सेवा, 24 घंटे तक अंधेरे में रहे लाखों लोग

2018 में शुरू हुआ था पति-पत्नी में बवाल

साल 2018 में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की निजी लाइफ में भूचाल मच गया था। शमी की पत्नी हसीन जहां ने दिग्गज क्रिकेटर पर घरेलू हिंसा, मैच फिक्सिंग और दहेज उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि, मोहम्मद शमी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी पत्नी के आरोपों पर सफाई दी थी। बाद में शमी और हसीन जहां अलग-अलग हो गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।