मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी का नाम लेकर महानगर की इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बेचने वाली दुकानों की एक चेन से कथित तौर पर 12 लाख रुपये ठगने के आरोप में 28 वर्षीय एक पूर्व रणजी क्रिकेटर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी नागराजू बुदुमुरु (Nagraju Budumuru) को हाल ही में महानगर में शिकायत दर्ज कराए जाने के करीब दो महीने बाद दक्षिणी राज्य के श्रीकाकुलम जिले से हिरासत में लिया गया था। उन्होंने कहा कि बुदुमुरु ने इसी तरीके से करीब 60 कंपनियों से करीब तीन करोड़ रुपये की ठगी की है।
साइबर क्राइम यूनिट के अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि पिछले साल दिसंबर में, इलेक्ट्रॉनिक्स विक्रेता के मैनेजिंग डायरेक्टर के एक कर्मचारी को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री का निजी सहायक होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति का फोन आया था। अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले ने कहा कि मुख्यमंत्री मैनेजिंग डायरेक्टर से बात करना चाहते हैं।
अधिकारी ने कहा कि उक्त कर्मचारी ने अपने मैनेजिंग डायरेक्टर का मोबाइल नंबर साझा कर दिया। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री होने का दावा करते हुए मैनेजिंग डायरेक्टर से संपर्क किया और एक क्रिकेटर की किट के प्रायोजन के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बेचने वाली दुकानों की एक चेन से 12 लाख रुपये की मांग की।
अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन के नाम से फर्जी दस्तावेज और एक ईमेल आईडी भी भेजा, जिसमें दावा किया गया कि यह क्रिकेटर का है और राशि हासिल कर ली। इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बेचने वाली दुकानों की एक चेन के अधिकारियों ने यह जानने के बाद कि उनके साथ ठगी हुई है, जनवरी में पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद मुंबई पुलिस की साइबर यूनिट ने जांच शुरू की और बाद में आरोपी का पता आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले की सीमा से लगे ओडिशा में लगाया गया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने यह भी पाया कि आरोपी बुदुमुरु के खिलाफ आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कम से कम 30 ऐसे ही मामले हैं।
अधिकारी ने कहा कि उन्होंने उसके बैंक अकाउंट से 7.6 लाख रुपये बरामद किए हैं। न्यूज 18 के मुताबिक, नागराजू बुदुमुरु 2014 से 2016 के बीच आंध्र रणजी टीम का हिस्सा थे। वह IPL फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद टीम का भी हिस्सा थे।