IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। भारतीय क्रिकेट में बदलाव के दौर की शुरूआत करते हुए हरफनमौला हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का कप्तान चुना गया है। हालांकि, रोहित शर्मा (Rohit Sharma) वनडे टीम के कप्तान बने रहेंगे। विराट कोहली (Virat Kohli) और केएल राहुल (KL Rahul) टी20 टीम में नहीं हैं। ऐसे में संकेत हैं कि 2024 टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए विराट, राहुल और रोहित को शायद अब इस फॉर्मेट में चुना भी नहीं जाएगा।
पांड्या को मिली दोहरी जिम्मेदारी
हार्दिक पंड्या को वनडे टीम में भी उपकप्तान चुना गया है, जबकि पिछले साल शानदार प्रदर्शन करने वाले सूर्यकुमार यादव टी20 टीम के उपकप्तान होंगे। गुजरात टाइटंस को IPL के उसके पहले ही सत्र में खिताब दिलाने वाले पंड्या को टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों भारत की हार के बाद से ही रोहित की जगह लेने का दावेदार माना जा रहा था। रोहित अंगूठे की हड्डी खिसकने के बाद अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। BCCI की विज्ञप्ति में यह नहीं कहा गया है कि यह बदलाव स्थायी है या सिर्फ एक सीरीज के लिए है।
इन नए खिलाड़ियों को मिला मौका
टी20 टीम में तेज गेंदबाज शिवम मावी और मुकेश कुमार को पहली बार मौका मिला है। मावी को IPL नीलामी में टाइटंस ने छह करोड़ रूपये में खरीदा, जबकि मुकेश को दिल्ली कैपिटल्स ने साढे पांच करोड़ रूपये में खरीदा है। रूतुराज गायकवाड़ और राहुल त्रिपाठी भी टी20 टीम में हैं। वनडे टीम में मोहम्मद शमी की चोट से उबरने के बाद वापसी हुई है। शिखर धवन वनडे टीम में नहीं हैं।
आपको बता दें कि तीन जनवरी 2023 से श्रीलंका के खिलाफ सीरीज शुरू हो रही है। इस सीरीज में तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाने वाले हैं। साल 2023 में टीम इंडिया (Team India) की ये पहली सीरीज भी है। टीम इंडिा की घोषणा मंगलवार देर रात की गई।
श्रीलंका के खिलाफ भारत की टी20 टीम: हार्दिक पंड्या ( कप्तान), ईशान किशन, रूतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (उप-कप्तान), दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल , उमरान मलिक, शिवम मावी, मुकेश कुमार ।
वनडे टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह।