India vs Australia, Cricket World Cup 2023 Final: आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार दोपहर 2 बजे से फाइनल मैच खेला जाने वाला है। भारत टूर्नामेंट की एकमात्र अजेय टीम है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने लगातार दो हार के साथ शुरुआत करने के बाद फिर जीत का सिलसिला शुरू किया। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के इस फाइनल मैच को लेकर देश और दुनिया में उत्साह चरम पर है। भारतीय क्रिकेट फैन्स अपने-अपने तरीकों से टीम इंडिया की जीत के लिए दुआएं कर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं देने में सेलिब्रिटीज भी पीछे नहीं हैं। मेगास्टार थलाइवा रजनीकांत ने तो भारत और न्यूजीलैंड के सेमीफाइनल में भारत की जीत के बाद ही भविष्यवाणी कर दी थी कि इस बार क्रिकेट वर्ल्ड कप की ट्रॉफी भारत के हाथ में ही आएगी।
भारत और न्यूजीलैंड का सेमीफाइनल मुकाबला देखने के लिए रजनीकांत, अपनी पत्नी के साथ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद थे। मैच के बाद चेन्नई वापस लौटने पर रजनीकांत ने प्रेस कांफ्रेंस में यकीन जताया कि इस बार की वर्ल्ड कप ट्रॉफी 100 प्रतिशत भारत की ही है। उन्होंने मोहम्मद शमी को इसका मुख्य कारण बताया था।
इस वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं हारी टीम इंडिया
वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत से अब तक भारतीय टीम एक भी मैच नहीं हारी है। एक टीम के रूप में भारत ने ऑस्ट्रेलिया से बेहतर प्रदर्शन किया है और 12 साल बाद स्वदेश में यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है। दूसरी तरफ जब वैश्विक ट्रॉफी की बात आती है तो ऑस्ट्रेलिया का कोई सानी नहीं है और 7 फाइनल में 5 बार जीत इसका सबूत है।
पीएम मोदी स्टेडियम में रहेंगे मौजूद
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने जा रहा है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स इस मुकाबले को देखने के लिए अहमदाबाद स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बॉलीवुड, राजनीति, स्पोर्ट्स की दुनिया की, देश और विदेश की कई दिग्गज हस्तियां भी फाइनल मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहने वाली हैं।