ICC World Cup Final: मेगा एयर-शो और रंगारंग कार्यक्रम, पीएम मोदी के अलावा कौन-कौन VVIP पहुंचेगा अहमदाबाद? देखें पूरी लिस्ट

ICC World Cup Final: मेजबान भारत और पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार 19 नवंबर को गुजरात के अहमदाबाद में विश्व कप फाइनल के दौरान शहर और नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 6,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए शुक्रवार को गांधीनगर में एक उच्च स्तरीय बैठक की

अपडेटेड Nov 19, 2023 पर 12:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
World Cup Final: अहमदाबाद में 2023 विश्व कप क्रिकेट फाइनल में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा

World Cup final India vs Australia: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार (19 नवंबर) को अहमदाबाद के विशाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 का फाइनल इतिहास में दर्ज होने वाला है। विश्व कप में अपनी बेखौफ और निस्वार्थ बल्लेबाजी से प्रतिद्वंद्वी टीम के गेंदबाजों पर दबाव बना टीम को शानदार शुरुआत दिलाने वाले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस वैश्विक खिताब से बस एक जीत दूर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले विश्व कप क्रिकेट फाइनल मैच को देखने के लिए अहमदाबाद स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।

दिग्गज रहेंगे मौजूद

फाइनल मैच को देखने के लिए पीएम मोदी, मार्ल्स और बॉलीवुड इंडस्ट्री के अलावा केंद्र सरकार के मंत्रियों और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आने की उम्मीद है। स्टेडियम में फाइनल मैच के दौरान मौजूद रहने वाले अन्य गणमान्य व्यक्तियों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी, सिंगापुर के गृह मामलों और कानून मंत्री के. शनमुगम, तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनरेड संगमा शामिल हैं।


1983 और 2011 के दो पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी भी स्टेडियम में मौजूद होंगे। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग और इंग्लैंड के इयोन मोर्गन भी कमेंट्री टीम के हिस्से के रूप में भारत में हैं और उनके फाइनल के लिए स्टैंड में मौजूद रहने की उम्मीद है। 1 लाख 32 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा। भारतीय टीम ने वर्ल्ड टूर्नामेंट में अब तक अपने सभी 10 मुकाबले जीते हैं।

एयर शो का होगा आयोजन

भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक्स टीम रविवार को मैच से पहले एक एयर शो भी करेगी। भारतीय वायु सेना (IAF) की एरोबेटिक (हवा में कलाबाजी) टीम सूर्यकिरण ने 19 नवंबर को यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट विश्व कप फाइनल से पहले शनिवार को एयर शो (हवा में विमानों का करतब) का अभ्यास किया।

रक्षा विभाग के गुजरात के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने बताया कि सूर्य किरण एरोबेटिक (हवाई जहाज की कलाबाजी) टीम मोटेरा इलाके के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल ये पहले 10 मिनट तक अपने करतब से लोगों को रोमांचित करेगी। भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम में आमतौर पर 9 विमान शामिल होते हैं और इसने देश भर में कई एयर शो किए हैं।

बॉलीवुड का मेगा इवेंट्स

स्टेडियम में मौजूद लगभग 1.3 लाख दर्शकों की मौजदूगी मे संगीत संगीतकार प्रीतम, गायक जोनिता गांधी, तुषार जोशी, अकासा जोशी, नकाश अजीज और अमित मिश्रा फरफॉर्म करेंगे। कोक स्टूडियो के गुजराती फेम 'गोटिलो' फेम आदित्य गढ़वी का भी पहली पारी के ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान प्रदर्शन करने का कार्यक्रम है। संगीत कार्यक्रम के दौरान मुंबई के 500 से अधिक डांसरों के भी फरफॉर्म करने की उम्मीद है।

6000 सुरक्षाकर्मी संभालेंगे मोर्चा

मेजबान भारत और पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार 19 नवंबर को गुजरात के अहमदाबाद में विश्व कप फाइनल के दौरान शहर और नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 6,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। गुजरात सरकार की तरफ से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए शुक्रवार को गांधीनगर में एक उच्च स्तरीय बैठक की।

ये भी पढ़ें- IND vs AUS Final: पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई उपप्रधानमंत्री स्टेडियम में रहेंगे मौजूद, 6000 सुरक्षाकर्मी संभालेंगे फाइनल मुकाबले की सुरक्षा

विज्ञप्ति में कहा गया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स रविवार को मैच देखेंगे। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने शीर्ष अधिकारियों के साथ सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।" विज्ञप्ति के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मैच के सुचारू संचालन के लिए किए गए विस्तृत इंतजामों के बारे में बताया, जिसमें मैदान, टीम, अति विशिष्ट व्यक्तियों को सुरक्षा प्रदान करने और ट्रैफिक मैनेजमेंट की देखभाल के लिए 4,500 कर्मियों की तैनाती शामिल है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि VIP आवाजाही के कारण आम लोगों को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से क्रिकेट फैंस की सुविधा के लिए मोटेरा स्टेशन (स्टेडियम के पास) की ओर चलने वाली मेट्रो ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का भी निर्देश दिया।

इस मैच के लिए देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से भी लाखों प्रशंसकों के अहमदाबाद पहुंचने की उम्मीद है। भारतीय टीम गुरुवार शाम को यहां पहुंची। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम शुक्रवार को शहर पहुंची। भारतीय टीम ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास सत्र आयोजित किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।