IND vs AUS Final: पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई उपप्रधानमंत्री स्टेडियम में रहेंगे मौजूद, 6000 सुरक्षाकर्मी संभालेंगे फाइनल मुकाबले की सुरक्षा

IND vs AUS Final: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले विश्व कप क्रिकेट फाइनल मैच को देखने के लिए अहमदाबाद स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। 12 साल के बाद एक बार फिर रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम रविवार को अहमदाबाद के मोटेरा स्थित दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उतरेगी

अपडेटेड Nov 19, 2023 पर 11:02 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IND vs AUS Final: भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम मैच से पहले एक एयर शो आयोजित करने वाली है

ICC World Cup 2023 Final: मेजबान भारत और पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार 19 नवंबर को गुजरात के अहमदाबाद में विश्व कप फाइनल के दौरान शहर और नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 6,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले विश्व कप क्रिकेट फाइनल मैच को देखने के लिए अहमदाबाद स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। 12 साल के बाद एक बार फिर रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम रविवार को अहमदाबाद के मोटेरा स्थित दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उतरेगी।

गुजरात सरकार की तरफ से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए शुक्रवार को गांधीनगर में एक उच्च स्तरीय बैठक की।

विज्ञप्ति में कहा गया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स रविवार को मैच देखेंगे। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने शीर्ष अधिकारियों के साथ सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।"


विज्ञप्ति के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मैच के सुचारू संचालन के लिए किए गए विस्तृत इंतजामों के बारे में बताया, जिसमें मैदान, टीम, अति विशिष्ट व्यक्तियों को सुरक्षा प्रदान करने और ट्रैफिक मैनेजमेंट की देखभाल के लिए 4,500 कर्मियों की तैनाती शामिल है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि VIP आवाजाही के कारण आम लोगों को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से क्रिकेट फैंस की सुविधा के लिए मोटेरा स्टेशन (स्टेडियम के पास) की ओर चलने वाली मेट्रो ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का भी निर्देश दिया।

इस मैच के लिए देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से भी लाखों प्रशंसकों के अहमदाबाद पहुंचने की उम्मीद है। भारतीय टीम गुरुवार शाम को यहां पहुंची। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम शुक्रवार को शहर पहुंची। भारतीय टीम ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास सत्र आयोजित किया।

एयर शो का होगा आयोजन

भारतीय वायु सेना (IAF) की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम रविवार को मैच से पहले एक एयर शो आयोजित करने वाली है। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स उन प्रमुख हस्तियों में से होंगे जिनके शहर के मोटेरा इलाके में ICC क्रिकेट विश्व कप के फाइनल के दौरान मौजूद रहने की उम्मीद है।

सीनियर अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे तैनात

मलिक ने कहा कि IG और DIG पद के 4 वरिष्ठ IPC अधिकारी और 23 पुलिस उपायुक्त मैच के दिन कर्मियों की निरीक्षण और मार्गदर्शन करेंगे। मलिक ने कहा कि 39 सहायक पुलिस आयुक्त और 92 पुलिस निरीक्षक उनकी सहायता करेंगे। अहमदाबाद पुलिस प्रमुख ने कहा कि मैच के दौरान किसी भी रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु आपात स्थिति का जवाब देने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को भी शहर में तैनात किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बम डिटेक्शन और डिस्पोजल दस्ते की 10 टीमों के साथ-साथ चेतक कमांडो की दो टीमें, एक विशिष्ट इकाई स्टेडियम के पास तैनात रहेंगी। यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस को संभावित खतरे के संबंध में कोई जानकारी मिली है तो मलिक ने कहा कि मीडिया को भारत के बाहर बैठे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जारी की गई ऐसी धमकियों को उजागर नहीं करना चाहिए।

स्टेडियम में फाइनल मैच के दौरान मौजूद रहने वाले अन्य गणमान्य व्यक्तियों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी, सिंगापुर के गृह मामलों और कानून मंत्री के. शनमुगम, तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनरेड संगमा शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- World Cup Final: प्लेइंग-11 में कौन-कौन होगा शामिल, क्या अश्विन को मिलेगी जगह? रोहित शर्मा ने दिया जवाब

भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक्स टीम रविवार को मैच से पहले एक एयर शो भी करेगी। 1 लाख 32 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा। भारतीय टीम ने वर्ल्ड टूर्नामेंट में अब तक अपने सभी 10 मुकाबले जीते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।