ICC World Cup Final 2023: आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल की भिड़ंत में अब कुछ ही घंटे का समय रह गया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें विश्व कप 2023 के खिताबी टक्कर के लिए आज यानी रविवार (19 नवंबर) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उतरेगी। टीम इंडिया दो दशक बाद विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने जा रही है। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रिकेट विश्व कप फाइनल की पूर्व संध्या पर शनिवार को मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान रोहित ने स्वीकार किया कि यह वास्तव में खिलाड़ियों के करियर का सबसे बड़ा क्षण है।
उन्होंने कहा कि यह अंतिम प्रयास का समय है। फाइनल के लिए भारत के प्लेइंग कॉम्बिनेशन के बारे में पूछे जाने पर रोहित ने कहा कि टीम अभी तय नहीं हुई है। क्या रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी? इस सवाल पर रोहित शर्मा ने कहा, "हमने इस पर फैसला नहीं किया है। हम पिच का आकलन करेंगे और कल (रविवार) इसे फिर से देखेंगे। हमारे 12-13 तय हैं। लेकिन हम आएंगे और देखेंगे कि हमारी ताकत क्या है। हम कल फैसला करेंगे।"
बता दें कि टीम इंडिया ने पिछले 6 मैचों से प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, माना जा रहा है कि फाइनल के लिए कप्तान आर रविचंद्रन अश्विन को ट्रंप कार्ड के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अहमदाबाद की पिच स्पिन गेंदबाजी के लिए मददगार रहने की उम्मीद है। ऐसे में रोहित और कोच राहुल द्रविड़ चाहेंगे कि वह फाइनल में एक अन्य स्पिनर के साथ मैदान पर उतरें। टीम में रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव शुरू से ही खेल रहे हैं, लेकिन अश्विन के प्लेइंग-11 में आ जाने से और मजबूती बढ़ जाएगी।
रोहित शर्मा चाहते हैं कि उनके साथी खिलाड़ी रविवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले विश्व कप फाइनल में वैसा ही खेल दिखायें जो वे पिछले छह हफ्तों से दिखा रहे हैं और अपनी भावनाओं पर काबू रखें। रोहित ने संभवत: अपने करियर के बड़े दिन से पहले कहा, "देखिये, भावनात्मक रूप से यह बड़ी चीज है, बड़ा मौका है। इसमें कोई शक नहीं। क्योंकि आपकी जो कड़ी मेहनत और सपने हैं, वो इसी के लिए हैं। और कल, यह दिन हमारे सामने होगा।"
उन्होंने कहा, "लेकिन पेशेवर खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही होती है कि आप किस तरह इन सबको अलग रखकर अपने काम पर ध्यान लगाते हो। इसलिये मेरे साथ कल मैदान पर खेलने वाले अन्य 10 खिलाड़ियों का ध्यान इसके बारे में सोचने के बजाय टीम के लिए अपने काम पर लगा होगा, यह मेरी जिंदगी का बड़ा क्षण है।" वह नहीं बता सकते कि मैदान पर उनके साथ उतरने वाले अन्य 10 खिलाड़ी अंदर से कैसा महसूस कर रहे हैं।