ICC World Cup 2023 का आगाज 5 अक्टूबर को अहमदाबाद स्टेडियम में इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड की भिड़ंत से शुरू हुआ। इस क्रिकेट के महाकुंभ में 46 दिनों में 48 मैच होंगे। 10 टीमें 10 क्रिकेट ग्राउंड्स में वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम करने की कोशिश करेंगी। पहली बार भारत को वर्ल्ड कप की मेजबानी करने का मौका मिल रहा है जबकि इससे पहले चार बार वो दूसरे देशों के साथ मिलकर 1987, 1996 और 2011 के वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी कर चुका है। 18 अक्टूबर को एमए चिदंबरम स्टेडियम में न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की भिड़ंत होने जा रही है। जानिए इस वर्ल्ड कप किस टीम का पलड़ा है भारी-
न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की टीमें आज तक ODI फॉर्मेट में 2 बार आमने-सामने आई हैं जिसमें से न्यूजीलैंड ने ही दोनों बार मुकाबला जीता है। ये दोनों मुकाबले ODI वर्ल्ड कप के ही थे। न्यूजीलैंड ने 5 अक्टूबर को आयोजित हुए अपने पहले ODI वर्ल्ड कप मैच में इंग्लैंड को काफी बड़े अंतर से हराया था। इसके बाद नीदरलैंड और बांग्लादेश को पटखनी देकर प्वाइंट्स टेबल पर दूसरे नंबर पर है। वहीं अफगानिस्तान लगातार दो मैच बांग्लादेश और भारत से हारी है। इसके बाद हाल ही में हुई इंग्लैंड से भिड़ंत में उसने बड़े अंतर से मैच को जीता।
न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान में से किस टीम का पलड़ा भारी
न्यूजीलैंड ने पहले मैच में इंग्लैंड की टीम को 9 विकेटों से मात दी थी। न्यूजीलैंड ने नीदरलैंड को दूसरे मुकाबले में 323 रनों का लक्ष्य दिया था। इस मैच को न्यूजीलैंड ने 99 रनों से जीता था। बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे मुकाबले को न्यूजीलैंड ने 8 विकेटों से जीता था। वहीं बात करें अफगानिस्तान की तो उनका पहला मुकाबला बांग्लादेश से था जिसे उन्होंने 6 विकेट से हारा था। दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान ने भारत से 8 विकेट से मुकाबला हारा था। अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 69 रनों से हराकर 15 अक्टूबर को पहली जीत अपने नाम की।
न्यूजीलैंड की बात करें तो उनके गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन लगातार टीम के लिए अहम विकेट झटक रहे हैं। वहीं बल्लेबाजों में डेरिल मिचेल की परफॉर्मेंस काबिल ए तारीफ है। रचिन रविंद्र टीम के लिए एक किफायती ऑल राउंडर साबित हो रहे हैं। वहीं कप्तान टॉम लेथम ने नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। किस मैच में न्यूजीलैंड का कौन सा खिलाड़ी चल जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। कुल मिलाकर हर दूसरी टीम के खिलाफ इनका कोई नया ही खिलाड़ी बाजी मार जाता है।
अफगानिस्तानी खिलाड़ियों में राशिद खान और रहमनुल्लाह गुरबाज की परफॉर्मेंस लगातार टीम की डूबती नैया को पार लगी रही है। वहीं भारत के खिलाफ कप्तान हश्मतुल्लाह शहीदी ने 80 रन बनाए थे।
एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच से बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को फायदा मिलता है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, विकेट धीमा हो जाता है। जिसके बाद गेंदबाज अपनी पकड़ बनाने में सफल होते है। चेन्नई की पिच पर दूसरी पारी में रन बनाना मुश्किल होता है। इस पिच पर औसत ODI स्कोर 224 है। वहीं अधिकतम 337 रनों का स्कोर इस पर पिच पर बना था। पहले गेंदबाजी और बल्लेबाजी लेने वालों की जीत के आंकड़ें में ज्यादा अंतर नहीं है।
NZ vs AFG की संभावित प्लेइंग इलेवन
न्यूजीलैंड: डेवन कॉनवे, विल यंग, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल, टॉम लेथम (कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमेन, मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्युसन, ट्रेंट बोल्ट।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जदरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजाई, मोहम्मद नबी, इकराम अलीखिल, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नवीन-उल-हक, फजलहक फारूकी।