टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) भारत के अगले दो वर्ल्ड कप (ICC World Cup 2023) मुकाबलों से भी बाहर रह सकते हैं। इसका मतलब पंड्या 29 अक्टूबर को इंग्लैंड और फिर श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे। सूत्रों के मुताबिक, वह पिछले हफ्ते लगी टखने की चोट से अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। पुणे में 19 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ अपनी ही गेंद पर फिल्डिंग करते हुए पंड्या के टखने में चोट लगी थी। इसके कारण वह 22 अक्टूबर को धर्मशाला में न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेल पाए थे। बताया जा रहा है कि हार्दिक पंड्या इंग्लैंड के खिलाफ रविवार 29 अक्टूबर को होने वाले मैच में उपस्थित नहीं रहेंगे।
बड़ौदा का यह हरफनमौला खिलाड़ी चोट से उबरने के लिए सोमवार को राट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) चला गया था। NCA के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "हार्दिक का इजाल चल रहा है। उसके बाएं टखने की सूजन काफी कम हुई है। लेकिन वह वीकेंड ही गेंदबाजी की शुरुआत करेगा। इस समय उन्हें उबरने का समय देना महत्वपूर्ण है।"
भारत अब तक अपने पांचों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए काफी मजबूत स्थिति में है। इसलिए पंड्या को अगले दो मैच के लिए आराम दिया जा सकता है जिससे उन्हें नॉकआउट से पहले पूरी तरह से उबरने का मौका मिलेगा।
BCCI के एक सूत्र ने कहा, "पंड्या को गंभीर मोच आई है लेकिन सौभाग्य से फ्रेक्चर नहीं हुआ है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम अधिकतम एहतियात बरतना चाहती है। उनके अगले दो से तीन मैच से बाहर रहने की संभावना है। टीम चाहती है कि वह नॉकआउट चरण के लिए पूरी तरह फिट हों।"
भारत को अपना अगला मुकाबला गत चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ 29 अक्टूबर को लखनऊ में और दो नवंबर को मुंबई में श्रीलंका से खेलना है। पंड्या की अनुपस्थिति ने न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में सूर्यकुमार यादव और मोहम्मद शमी को जगह मिली थी।