Virat Kohli 500: टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) अपने 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में यादगार शतक बनाने के करीब पहुंच गए हैं। स्टार क्रिकेटर ने भारत को वेस्टइंडीज (IND Vs WI) के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को चार विकेट पर 288 रन तक पहुंचा दिया। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा (80) और यशस्वी जायसवाल (57) ने 139 रन की सलामी साझेदारी की। इसके बाद दूसरे सत्र में कल वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए चार विकेट चटकाए।
पहले दिन का खेल समाप्त होने पर कोहली 161 गेंद में 87 और रविंद्र जडेजा 84 गेंद में 36 रन बनाकर खेल रहे थे। भारत ने आखिरी सत्र में 33 . 2 ओवर में 106 रन बनाए और एक भी विकेट नहीं गंवाया। इससे पहले भारत ने रोहित, जायसवाल, शुभमन गिल (10) और अजिंक्य रहाणे (8) के विकेट गंवाएं।
विराट कोहली ने रचा इतिहास
विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में उतरते ही 500वें अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने का बड़ा रिकॉर्ड बना लिया। ऐसा करने वाले वह चौथे भारतीय और 10वें इंटरनेशनल खिलाड़ी बन गए हैं। विराट कोहली से पहले टीम इंडिया के लिए सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और एम एस धोनी इस कीर्तिमान को हासिल कर चुके थे। कोहली 87 रन बनाकर क्रीज पर हैं और वे अपने 76वें इंटरनेशनल शतक सिर्फ 13 रन दूर हैं। 34 साल के कोहली ने 161 गेंदों की पारी में आठ चौके लगाए हैं।
विराट अपने 500वें अंतरराष्ट्रीय मैच में अर्धशतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। जी हां, वह ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपने 500वें अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 50 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया हो। सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, राहुल द्रविड़, महेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, सनथ जयसूर्या, रिकी पोंटिंग, शाहिद अफरीदी और जैक्स कैलिस के बाद कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 500वां मैच खेलने वाले इतिहास के 10वें क्रिकेटर बन गए हैं।
'रन मशीन' के नाम से मशहूर कोहली इस शानदार पारी के दौरान जैक्स कैलिस को पछाड़कर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के मामले में पांचवें नंबर पर आ गए। फैंस को उम्मीद है कि कोहली शुक्रवार को अपना 30वां टेस्ट शतक पूरा करने में सफल रहेंगे। इससे इस साल उनके टेस्ट शतकों की संख्या दो हो जाएगी। इससे पहले उन्होंने अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट में 186 रन बनाए थे। दिसंबर 2018 के बाद घर से बाहर यह उनका पहला टेस्ट शतक होगा, जब उन्होंने पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 123 रन बनाए थे।