राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Park in Delhi-NCR) से सटे नोएडा के सेक्टर 78 में खुले नए वेदवन पार्क (Vedvan Park in Noida) में लोगों की अप्रत्याशित भीड़ देखी जा रही है। रोजाना बढ़ती भीड़ को देखते हुए नोएडा अथॉरिटी (Noida Authority) ने अब विजिटर्स से शुल्क वसूलने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्क में बढ़ती भीड़ को देखते हुए नोएडा अथॉरिटी ने करीब 20 रुपये प्रवेश शुल्क लगाने का निर्णय लिया है। रिपोर्ट की मानें तो इस महीने के आखिरी यानी अगस्त से शुल्क लगाया जा सकता है। नोएडा में यह पहला पार्क होगा, जिसमें एंट्री के लिए टिकट के पैसे देने पड़ेंगे। हालांकि, अभी तक नोएडा अथॉरिटी की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक आदेश नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी इस पर विचार किया जा रहा है।
करीब 30 करोड़ रुपये के बजट से बना यह पार्क जनता को प्राचीन ग्रंथों के आधार पर देश के ऐतिहासिक पहलुओं के बारे में अवगत करने के लिए बनाया गया है। 25 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उद्घाटन के बाद से पार्क ने न केवल आसपास की हाउसिंग सोसाइटियों बल्कि पड़ोसी शहरों के लोगों को भी आकर्षित किया है। भारी संख्या में लोग रोजाना शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक लेजर शो देखने आते हैं।
स्थानीय लोगों ने दिए सुझाव
बढ़ती भीड़ को देखते हुए नोएडा अथॉरिटी पार्किंग की जगह बढ़ाने, सड़क से विक्रेताओं को हटाने, लंबित इलेक्ट्रिक काम को पूरा करने और अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात करने की योजना बना रहा है। इस बीच, आसपास के अपार्टमेंट मालिकों ने भीड़ को नियंत्रित करने और पर्याप्त पार्किंग स्थान सुनिश्चित करने के लिए एंट्री टिकट सिस्टम लागू करने का अनुरोध किया है, क्योंकि पार्क के खुलने के बाद से सड़क के किनारे पार्किंग समस्याएं पैदा कर रही है।
बागवानी विभाग की प्रमुख विशेष कर्तव्य अधिकारी वंदना शर्मा ने हिंदुस्तान टाइम्स (HT) से कहा कि वे पार्क में और उसके आसपास अनुशासन बनाए रखने के तरीके तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा, "हालांकि टिकट सिस्ट अभी तत्काल लागू नहीं किया गया है, लेकिन अगर विजिटर्स की संख्या ऐसे ही अधिक बनी रही तो भविष्य के लिए इस पर विचार किया जा रहा है। हम कोई भी अंतिम निर्णय लेने से पहले पार्क की निरंतर लोकप्रियता का आकलन करना चाहते हैं।"
भीड़ से आसपास के लोग परेशान
यह पार्क Antriksh, Hyde Park, Elite Homes और Windsor Court जैसी आवासीय सोसाइटियों से घिरा हुआ है। विंडसर कोर्ट सेक्टर 78 के विजय कुमार जैसे निवासियों ने अनधिकृत स्ट्रीट वेंडरों को हटाने का अनुरोध किया है। साथ ही उन्होंने नोएडा अथॉरिटी से क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने का आग्रह किया है।
उन्होंने HT से कहा, "वीकेंड के दिनों में लगभग 3,000 लोग पार्क में आते हैं, जबकि इस वीकेंड में यह संख्या बढ़कर 8,000 हो गई, जिससे इलाके में भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पार्क के अंदर केवल 60 वाहनों के लिए जगह होने के कारण बाकी कारें सड़कों पर पार्क होती हैं, जिससे लोगों को असुविधा होती है।"
अपार्टमेंट के मालिक भी चाहते हैं कि मरम्मत और पेड़ों की उचित देखभाल के लिए पार्क को समय-समय पर एक दिन के लिए बंद रखा जाए। अंतरिक्ष सोसाइटी के निवासी रंजन सामंतराय ने कहा, "फिलहाल लीजर शो में ध्वनि की गुणवत्ता में सुधार की जरूरत है। इसके अंदर पीने के पानी की सुविधा होनी चाहिए, जॉगिंग ट्रैक को चौड़ा करने की जरूरत है और पार्क के आसपास के इलाकों को नियमित रूप से साफ करने की जरूरत है।"