IPL 2023 Auction: इंग्लैंड के हैरी ब्रूक हुए मालामाल, हैदराबाद ने रिकॉर्ड 13.25 करोड़ में खरीदा, 1.5 करोड़ था बेस प्राइस

IPL 2023 Auction: नीलामी की शुरुआत में सबसे पहले बोली न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) पर लगी। विलियमसन को मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस ने उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम के साथ जोड़ लिया है

अपडेटेड Dec 23, 2022 पर 3:28 PM
IPL 2023 Auction: हैरी ब्रूक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच तगड़ी टक्कर देखने को मिली

IPL 2023 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के खिलाड़ियों के लिए बोली लगनी शुरू हो गई है। नीलामी की शुरुआत में सबसे पहले बोली न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) पर लगी। केन विलियमसन को मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस ने उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम के साथ जोड़ लिया है। वह पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान थे। उन्हें हैदराबाद ने नीलामी के लिए रिलीज कर दिया था।

इसके अलावा इंग्लैंड के हैरी ब्रूक को सनराइजर्स हैदराबाद ने रिकॉर्ड 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा है। ब्रूक का बेस प्राइस महज 1.5 करोड़ रुपये था। उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच तगड़ी टक्कर देखने को मिली।

इसके अलावा मयंक अग्रवाल को भी सनराइजर्स हैदराबाद ने 8.25 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। मयंक अग्रवाल को खरीदने के लिए पंजाब और CSK ने बोली लगाई। अजिंक्य रहाणे को चेन्नई सुपरकिंग्स ने उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में खरीदा है।


ये भी पढ़ें- IPL 2023 Mini Auction LIVE: हैरी ब्रूक को हैदराबाद ने 13.25 करोड़ में, तो मयंक अग्रवाल को 8.25 करोड़ रुपये खरीदा

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट को नीलामी के पहले दौर में कोई खरीदार नहीं मिला है। रूट को पहले राउंड में किसी भी फ्रेंचाइजी ने खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। साउथ अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज राइली रुसो भी पहले राउंड में अनसोल्ड रहे।

उन्हें हाल ही में भारत के खिलाफ टी20 में शतकीय पारी खेलकर खूब वाहवाही बटोरी थी। इसके अलावा बांग्लादेश के टेस्ट कप्तान शाकिब अल हसन को पहले राउंड में कोई खरीदार नहीं मिली। शाकिब ने अपना बेस प्राइस 1.50 करोड़ रुपये रखा था।

इस नीलामी में कुल 405 खिलाडियों की बोली लगेगी। 991 क्रिकेटरों ने ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से 405 प्लेयर्स को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। ऑक्शन में भाग लेने के लिए सभी 10 फ्रेंचाइजियों के प्रतिनिधि कोच्चि पहुंच चुके हैं।

405 खिलाड़ियों में 273 भारतीय, जबकि 132 क्रिकेटर विदेशी हैं। इसके अलावा चार खिलाड़ी एसोसिएट्स देशों के शामिल हैं। IPL ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कुल कैप्ड खिलाड़ी 119 हैं, जबकि अनकैप्ड खिलाड़ी 282 हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।