IPL 2023 के बाद धोनी कर देंगे रिटायरमेंट का एलान, कोलकाता में दिए संन्यास के संकेत

IPL 2023: चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने हाल ही में कहा था कि वह अपने करियर के अंतिम चरण में है जिससे इस बात को बल मिला है कि यह करिश्माई विकेटकीपर बल्लेबाज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इस साल आखिरी बार खेल रहा है

अपडेटेड Apr 24, 2023 पर 2:48 PM
IPL 2023: धोनी के हालिया बयान ने आईपीएल से उनके संन्यास लेने की अटकलें तेज हो गई हैं

IPL 2023: चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने हाल ही में कहा था कि वह अपने करियर के अंतिम चरण में है जिससे इस बात को बल मिला है कि यह करिश्माई विकेटकीपर बल्लेबाज इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इस साल आखिरी बार खेल रहा है। इस बीच, रविवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस मैदान में भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी पीली जर्सी पहनकर मैच देखने पहुंचे थे। ये दर्शक अपनी घरेलू टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बजाय धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अपना प्यार दिखा रहे थे। धोनी ने इसके बाद कहा कि ये मुझे शायद फेयरवेल देने आए हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स को 49 रन से हराने के बाद धोनी ने ईडन गॉर्डन में उनके समर्थन में आए फैन्स को लेकर कहा, 'मैं सिर्फ समर्थन के लिए धन्यवाद कहूंगा, वे बड़ी संख्या में आए... इनमें से ज्यादातर लोग अगली बार केकेआर की जर्सी में आएंगे... वे मुझे विदाई देने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए सभी बहुत-बहुत धन्यवाद।' धोनी के इस बयान ने आईपीएल से उनके संन्यास लेने की अटकलें तेज हो गई हैं।

धोनी ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 49 रन से हराने के बाद कहा कि उनके गेंदबाजों ने अच्छा काम किया और विरोधी टीम को लगातार दबाव में रखा। अजिंक्य रहाणे (29 गेंद में नाबाद 71, पांच छक्के, छह चौके) और शिवम दुबे (21 गेंद में 50 रन, दो चौके, पांच छक्के) के बीच तीसरे विकेट की सिर्फ 32 गेंद में 85 रन की साझेदारी से सुपरकिंग्स ने चार विकेट पर 235 रन बनाए जो ईडन गार्डन्स पर टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर है।


इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (56) ने भी अर्धशतक जड़ा। इसके जवाब में नाइट राइडर्स की टीम जेसन रॉय (26 गेंद में 61 रन, पांच छक्के, पांच चौके) और रिंकू सिंह (33 गेंद में नाबाद 53, तीन चौके, चार छक्के) के अर्धशतकों के बावजूद आठ विकेट पर 188 रन ही बना सकी। सुपरकिंग्स की ओर से ऑफ स्पिनर महेश तीक्षणा ने 32 जबकि तुषार देशपांडे ने 43 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए।

धोनी ने मैच के बाद कहा, ‘हां, तेज गेंदबाज और स्पिनर अपना काम अच्छी तरह कर रहे हैं। हमने हमेशा विरोधी टीम पर दबाव बनाए रखा और अगर आप उनके बल्लेबाजी क्रम को देखें, तो उनके पास निचले क्रम में बड़े हिटर हैं और हम उनका सम्मान करते हैं।’

बेन स्टोक्स और दीपक चाहर जैसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों के चोटिल होने के संदर्भ में धोनी ने कहा, ‘मैं इसे सरल रखता हूं। जो भी चोटिल हो, वह कुछ नहीं कर सकता। मैं देखता हूं कि कौन बेहतर तरीके से तैयार दिखता है और मैं देखता हूं कि कौन मौका पा सकता है और उसे प्रेरित कर सकता है। मुझे आशा है कि यह जारी रहेगा- चोटें नहीं बल्कि प्रदर्शन (हंसते हुए)।’

ये भी पढ़ें- Happy Birthday Sachin: क्रिकेटर से कैसे बन गए 'भगवान', 50वें बर्थडे पर जानें सचिन के जीवन की ‘A to Z’ कहानी

कोलकाता के कप्तान नितीश राणा से स्वीकार किया कि अच्छी शुरुआत नहीं मिलने के कारण इतने बड़े लक्ष्य को हासिल करना आसान नहीं था। राणा ने कहा कि उनकी टीम अपनी गलतियां से सबक नहीं ले रही है और लगातार गलतियां दोहरा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।