टीम इंडिया के सीनियर विकेटकीपर-बल्लेबाज और लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल (KL Rahul) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ टीम के पिछले मैच के दौरान जांघ में गंभीर चोट के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) के बचे हुए सीजन से बाहर हो गए हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राहुल के साथ ही टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट (Jaydev Unadkat) के कंधे की स्थिति भी गंभीर है और वह भी इस आईपीएल से बाहर हो गए हैं। माना जा रहा है बीसीसीआई की स्पोर्ट साइंस और मेडिकल टीम के लिए सीनियर बल्लेबाज एवं विकेटकीपर राहुल को लंदन में 7 से 11 जून तक होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल (WTC Final) के लिए तैयार करना मुश्किल होगा।
राहुल को दाहिनी जांघ में यह चोट मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर फाफ डु प्लेसिस के कवर ड्राइव को बाउंड्री के पास रोकने की कोशिश के दौरान लगी थी। इस मामले की जानकारी रखने वाले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि लोकेश राहुल इस समय लखनऊ में टीम के साथ हैं। वह बुधवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच देखने के बाद गुरुवार को मुंबई आएंगे। उसका स्कैन (जांच) मुंबई में बीसीसीआई की निगरानी में किया जाएगा। उसके मामले के साथ-साथ जयदेव के मामले को भी देखा जाएगा।
सूत्र ने यह भी पुष्टि की कि अब तक कोई स्कैन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जब किसी को इस तरह की चोट लगती है, तो उस क्षेत्र में और उसके आसपास काफी दर्द और सूजन होती है। सूजन को ठीक होने में लगभग 24 से 48 घंटे लगते हैं और उसके बाद ही आप स्कैन कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह टेस्ट टीम का एक महत्वपूर्ण सदस्य है, इसलिए यह समझदारी भरा होगा कि वह आगे आईपीएल में हिस्सा न ले।
सूत्र ने कहा कि एक बार स्कैन से चोट की गंभीरता का पता चल जाए, तब बीसीसीआई की मेडिकल टीम इलाज के तरीके पर फैसला करेगी। समझा जाता है कि उनादकट की चोट भी गंभीर है। इस सूत्र ने बताया कि हां, यह अच्छी बात है कि जयदेव को कोई डिसलोकेशन (कंधा खिसकना) नहीं है, लेकिन यह भी सही है कि उसका कंधा अच्छी स्थिति में नहीं है। जहां तक इस सत्र की बात है तो वह अब आईपीएल नहीं खेल सकते। साथ ही हम यह भी नहीं कह सकते कि वह WTC फाइनल खेलने के लिए समय पर फिट हो पाएंगे या नहीं।